महासमुन्द

दोपहर तक पूूरा बंद रहा महासमुंद, शाम होते-होते खुल गईं दुकानें
11-Apr-2023 2:38 PM
  दोपहर तक पूूरा बंद रहा महासमुंद, शाम होते-होते खुल गईं दुकानें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11अप्रैल। बेमेतरा के साजा में हुई युवक की हत्या के विरोध में तथा हत्यारों को फांसी की मांग की लेकर कल सुबह से अपरान्ह 3 बजे तक व्यापक असर रहा, लेकिन शाम होते-होते अधिकांश दुकानें खोल दी गई थीं। जिला मुख्यालय से लेकर बसना, पिथौरा, सरायपाली और बागबाहरा समेत छोटे-बड़े कस्बे भी बंद रहे। महासमुंद में बंद का प्रभाव सुबह से देखा गया। तेंदुकोना, भंवरपुर में दुकानें खुली रहीं। छिटपुट विवादों को छोड़ बंद शांति पूर्ण रहा। तेंदुकोना को छोड़ झलप, तुमगांव में भी बाजार बंद रहा। इस दौरान महासमुंद शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। जिले भर में शांति पूर्वक बंद के बाद लोगों ने जबरदस्त पुलिसिंग को लेकर कप्तान धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे, एसडीओपी मंजुलात बाज की टीम को धन्यवाद ज्ञाप्ति किया है।  

कल सुबह बंद का जबरदस्त असर देखा गया। हिन्दू संगठन बाइक रैली के माध्यम से दुकानों को बंद करने की अपील लेकर सडक़ों पर उतरतेे रहे। बंद के दौरान लोगों को चाय नाश्ते के लिये भटकना पड़ा। दोपहर 3 बजे के बाद दुकानें खुलने लगी थी। बंदी के दौरान सुबह से ही सर्व हिन्दू समाज, विश्व हिंदू परिषद तथा बजरंग दल के लोग बंद कराने के लिए निकले थे। इस बीच कुछ दुकानें जो खुल गई थी उसे बंद कराया गया। कचहरी चौक में एक होटल मालिक के साथ हल्की नोक-झोंक भी हुई। हालांकि बाद में व्यवसायी ने होटल बंद कर दी। और थोड़ी देर बाद खोल भी लिया।

हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता जब सडक़ पर उतरे तो शहर महासमुंद के निजी स्कूलों, बैंकों में छुट्टी दे दी गई। बंद कराने निकले लोगों के पहुंचने के बाद बैंक बंद किये गये। शराब दुकानें, एसोसिएशन, सब्जी व्यवसायी संघ, फुटकर, शिवसेना, हिन्दू वाहिनी आदि ने समर्थन भी  बंद का समर्थन किया।

कल दिन भर शहर के चौक-चौराहों पर पुलिस अधिकारी व जवान तैनात रहे। पुलिस के बहुत से जवान आंदोलनकारियों के पीछे चलते रहे। करीब साढ़े 12 बजे विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने सांकेतिक धरना भी दिया। बंद को व्यापारी संगठनों सहित हिन्दू नववर्ष आयोजन समिति, तहसील साहू संघ, यादव समाज, मनवा कुर्मी समाज, बाह्मण समाज, भाजपा, बजरंग दल ने समर्थन दिया।

विश्व हिन्दू परिषद के जिला महामंत्री अखिलेश लुनिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के नाम पुलिस को ज्ञापन सौंप कर मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी की मांग की गई है। बंद के दौरान आवश्यक सेवाएं मेडिकल दुकानें, एम्बुलेंस सेवा, दूध आदि की दुकानें खुली रहीं।


अन्य पोस्ट