महासमुन्द
महासमुंद, 11अप्रैल। बागबाहरा जनपद अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बीमा कंपनी द्वारा चालू खरीफ फसल वर्ष 2021-22 क्षतिपूर्ति दायरा में आने वाले गांवों की सूची एवं प्रति एकड़ राशि की जानकारी प्रदान किए बिना भुगतान करना प्रारंभ किए जाने पर पूर्व वर्षों की भांति करोड़ों रुपए हड़प लेने का आरोप बीमा कंपनी पर लगाया है।
उन्होंने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि बीमा कंपनी क्षतिपूर्ति की राशि का भुगतान ना कर इस राशि से करोड़ों रुपए ब्याज़ के रूप लाभ ले रहे थे। एक हफ्ते के भीतर क्षतिपूर्ति राशि भुगतान नहीं करने पर किसानों के साथ सडक़ में आंदोलन करने की चेतावनी के बाद 23 मार्च से भुगतान करना प्रारंभ किया। तीन वर्ष पूर्व यह कंपनी क्षतिपूर्ति दयारा में आने वाले गांवों की सूची एवं सिंचित असिंचित या दोनों रकबा की प्रति एकड़ राशि की सूची बीमाकर्ता समिति व बैंक को जारी करता था। इसके बाद समिति व बैंक गणना कर एक क्लिक में भुगतान कर देता था। इससे संपूर्ण क्षतिपूर्ति की दर की जानकारी एवं वाजिब राशि किसानों को मिल जात था। लेकिन पिछले तीन वर्षों से बीमा कंपनी स्वयं किसानों को टुकड़े में राशि का भुगतान कर रहा है।
बीमा कंपनी वर्ष 2021 से 23 तक किसानों को क्षतिपूर्ति के दायरे में आने वाले गांव एवं प्रति एकड़ दर की सूची की जानकारी प्रदान किए बिना भुगतान किए जा रहे हंै। पिछले वर्ष क्षतिपूर्ति की दायरा में आने वाले बागबाहरा ब्लॉक के 7 गांव महासमुंद जिला के 35 गांव हैं। भुगतान के पूर्व सूची जारी नहीं करने से किसानों को यह पता नहीं चलता कि किस किस गांव को किस दर से बीमा क्षतिपूर्ति की राशि मिलना है।
अध्यक्ष ने कहा है कि किसानों को पता ही नहीं चलता कि उनका दावा क्लेम कितना बना था। सैकड़ों किसानों को विभिन्न प्रकार के आपत्ति बताकर भुगतान नहीं किया जाता। ऐसे किसान बार-बार बैंक का चक्कर लगाकर थक जाते हैं। बीमा कंपनी को ऑनलाइन शिकायत नहीं कर पाते। ऐसे सभी किसानों की राशि बीमा कंपनी हड़प लेती है। बीमा कंपनी पारदर्शिता नहीं बरतती। बीमा कंपनी को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा है कि दावा क्लेम के दायरा में आने वाले समस्त गांव-किसानों की सूची व राशि की जानकारी अभिलंब बीमा कर्ता एजेंसी एवं किसानों को जारी करें।