महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 10 अप्रैल। शनिवार को बेमेतरा जिले के ग्राम बरनपुर साजा में एक निर्दोष युवक भुनेश्वर साहू की नृशंस हत्या कर आतंक मचाये जाने के विरोध में सोमवार साप्ताहिक बाजार होने के बावजूद भाजपा समर्थित विहिप का नगर बन्द पूर्णत: सफल रहा। बन्द के दौरान आवश्यक सेवाएं नियमित चलती रही।
बेमेतरा के बरनपुर की घटना से आक्रोशित हिन्दू संगठनों ने रविवार को आनन-फानन में बैठक लेकर सोमवार साप्ताहिक बाजार होने के बावजूद नगर बन्द का आव्हान कर दिया। इसके लिए व्यापारी एकता मंच ने भी अपना समर्थन दे दिया। आज सुबह से बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा एवम भाजयूमो के कार्यकर्ता नगर में घूम-घूम कर बन्द का आव्हान करते हुए खुल रही दुकानों को खुलने ही नहीं दिया गया, जिससे सुबह से ही नगर के मुख्यमार्ग एवं भीड़ भाड़ वाले बार चौक में सन्नाटा छाया रहा।
बन्द के दौरान मेडिकल स्टोर्स, अस्पताल, शिक्षा संस्थान, सरकारी कार्यालय के अलावा परिवहन पूरी तरह बन्द से मुक्त देखे गए। बसे पूर्व की तरह बेरोकटोक चलती रही। बन्द के दौरान सब्जी बाजार पूरी तरह बन्द करवा दिए गए। होटल रेस्टोरेंट, कपड़ा किराना सहित अन्य सभी तरह की दुकानें बंद रही। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक नगर बन्द किंतु शांति पूर्वक है।
आज के बंद में मुख्यत: भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकर अग्रवाल, शशि डड़सेना, नरेश सिंघल, प्रेमशंकर पटेल, राजेश चौधरी, विकी सलूजा, राजू अजमानी, स्वप्निल तिवारी सहित दर्जनों भाजपा एवं अन्य हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता मौजूद थे।

