महासमुन्द
महासमुंद,9 अप्रैल। महासमुंद जिले के खल्लारी थाने में दो नाबालिग युवकों के गुमशुदगी की रिपोर्ट उनके परिजनों ने दर्ज कराई है।
शनिवार को प्रार्थी विष्णु साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उनके निवास ग्राम ढोंड़ स्थित घर से अज्ञात आरोपी ने 4 अप्रैल को दोपहर लगभग डेढ़ बजे नाबालिग बेटा कोमलकांत साहू को बहला फुसलाकर कहीं ले गया है। रिपोर्ट पर थाना खल्लारी में गुम इंसान दर्ज कर नाबालिग युवक की तलाश जारी है।
ढोड़ गांव के ही एक अन्य प्रार्थी ने खल्लारी थाने में ही ठीक इसी तरह का रिपोर्ट दर्ज कराया है। प्रार्थी सोना लाल ध्रुव ने खल्लारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 4 अप्रैल को ही शाम 5 बजे अज्ञात आरोपी ने उनके नाबालिग बेटे डागेश्वर ध्रुव को निवास ग्राम ढोंड़ से बहला फुसलाकर अपहरण कर लिया है। इस मामले में भी पुलिस ने गुम इंसान कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।