महासमुन्द

मारूति महायज्ञ में 21 कुंडों के सामने सौ से अधिक जोड़े ने सुंदरकांड के 60 दोहे पर आहुति डाली
08-Apr-2023 2:41 PM
मारूति महायज्ञ में 21 कुंडों के सामने सौ से अधिक जोड़े ने सुंदरकांड के 60 दोहे पर आहुति डाली

हनुमान चरित्र से हमारे जीवन, व्यक्तित्व व समाज को प्रेरणा मिलती है-पं.विष्णु अरोड़ा

 दादाबाड़ा मारूति महायज्ञ में हजारों की भीड़ जुट रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 अप्रैल। शहर के दादाबाड़ा में आयोजित इस मारूति महायज्ञ में यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर व श्रीमती निर्मला चंद्राकर सहित सैकड़ों श्रद्धालूओं ने आहुति डाली। श्री मारूति महायज्ञ के यज्ञाचार्य पं. पंकज महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ शुरू कराया। आज दूसरे दिन सुबह यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर व श्रीमती निर्मला चंद्राकर ने वैदिक पूजन करते हुए यज्ञ मंडप में स्थापित सभी देवी देवताओं की पूजा अर्चना की। मुख्य हवन कुंड में अग्नि स्थापना के लिए प्राकृतिक तरीके से सूर्यदेव के माध्यम से अग्नि प्रज्वलित किया गया। यहां यज्ञ के लिए 21 कुंड बनाए गए हैं। जिसमें सौ से अधिक जोड़े ने सुंदर कांड के 60 दोहे पर आहुति डाली। यज्ञ का सिलसिला करीब दो घंटे चला।

बालयोगी पं. विष्णु अरोड़ा ने कहा कि हनुमान चरित्र से हमें सीख लेना चाहिए। हनुमान चरित्र से हमारे जीवन, व्यक्तित्व व समाज को प्रेरणा मिलती है। दादाबाड़ा में चल रहे श्री मारुति महायज्ञ के मुख्य प्रवचनकर्ता पं विष्णु अरोड़ा ने कल हनुमान जन्मोत्सव पर हनुमान चरित्र को समझाते हुए भगवान हनुमान को शंकर सुमन कहने के पीछे के कारणों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने शिव पुराण का उल्लेख करते हुए कहा कि एक बार भगवान शिव व पार्वती बैकुंठ गए। उन्होंने नारायण से कहा कि जब समुद्र मंथन हुआ तो मुझे जहर पीना पड़ा। और जब अमृत निकला तो मैं आपके मोहिनी स्वरूप का दर्शन नहीं कर पाया। भगवान शिव की मंशा समझ नारायण ने मोहिनी स्वरूप का दर्शन कराया। इस रूप को देखकर भगवान शिव मोहित हो गए और उनका तेज गिर गया। जिसे सप्तऋषियों ने पत्ते में एकत्र कर तपस्यारत अंजना के कर्ण माध्यम से प्रवेश कराया। इससे हनुमान का जन्म हुआ और शंकर सुमन कहलाए।

यहां उन्होंने उपस्थितजनों को व्याख्यान के माध्यम से बताया कि हमें समझने की जरूरत है। जो व्यक्ति मोहनी का अर्थ समझ लेगा उसे सारी बातें समझ आएगी। मोहिनी का अर्थ है, मोह का नाश करने वाली। मतलब मोह नहीं रहेगा तो विरक्ति का भाव आएगा। विरक्ति के भाव के बाद जो दिव्य तेज प्रगट हुआ, वह ज्ञान था।

पं.विष्णु अरोड़ा ने कहा कि ज्ञान की सात अवस्था होती है। ज्ञान को जीवन में उतारना चाहिए। जिसे सप्तऋषियों ने भोजपत्र में उतारकर उस दिव्य ज्ञान को माता अंजना को सुनाया। सुनने का माध्यम कर्ण का काम है। उस दिव्य ज्ञान को प्राप्त करने जो पुत्र हुआ वह हनुमान कहलाए। पं विष्णु अरोड़ा ने इसी तरह हनुमान के पवनपुत्र, केशरी नन्दन के नाम पडऩे का भी विस्तार से वर्णन किया।

उन्होंने इतिहास व शास्त्र के अंतर को भी उदाहरण सहित वर्णन करते हुए कहा कि दोनों बिलकुल अलग-अलग होता है। भारतीय ऋषियों ने शास्त्र लिखने की परंपरा डाली है। शास्त्र बार-बार पढ़ी जाती है।

इसका हर काल में लाभ मिलता है। प्रवचन के बाद हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। बाद इसके प्रसादी का वितरण किया गया।


अन्य पोस्ट