महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अप्रैल। पटवारी दफ्तर के सामने बिहान समूह की महिलाएं अपनी 4 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रही हैं। बिहान महिलाओं के हड़ताल पर चले जाने से पंचायत स्तर पर सभी कार्य ठप हैं। हड़ताली महिलाओं ने सांसद व विधायक के नाम ज्ञापन सौंपकर मांग पूरी करने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में क्रेडर के रूप में काम करने वाली महिलाएं मानदेय में बढ़ोत्तरी, नियुक्ति प्रमाण पत्र, नियमितीकरण समेत प्रतिमाह मानदेय प्रदान करने की मांग को लेकर हड़ताल कर रही हैं। मांगों को लेकर बिहान समूह की महिलाओं ने सांसद चुन्नीलाल साहू को भी निवेदन पत्र सौंपा है।
बिहान समूह की जिलाध्यक्ष कीर्ति साहू ने कहा कि बिहान के सभी पीआरपी, एफएलआरपी, आरबीके, सक्रिय महिलाएं, कृषि मित्र, पशु सखी एवं बैंक मित्र सभी मन लगाकर काम करते हैं। जनपद से लेकर पंचायत और गांव स्तर तक काम कर रहे हैं। जिससे स्व सहायता समूह गठन, आजिविका गतिविधि, जैविक कृषि, गौठान, चारागाह, बाड़ी विकास, मनरेगा पूरे माह भर उन्हीं से कराये जाते हैं।
इसके बावजूद सभी के मानदेय में पांच वर्षों बाद भी कोई वृद्धि नहीं की गई है। जिससे समूह की महिलाओं को जीवन.यापन करने में कठिनाई हो रही है।
महंगाई बढ़ती जा रही है। इससे फील्ड वर्क करने में दिक्कत हो रही है। लिहाजा स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौंपकर केंद्र व राज्य शासन से मांगें पूरी करने का अनुरोध किया है। बिहान समूह के जिलाध्यक्ष कीर्ति साहू ने बताया कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगा।