महासमुन्द

केंद्र लोकतंत्र खत्म कर देना चाहती है- अमरजीत चावला
05-Apr-2023 3:22 PM
केंद्र लोकतंत्र खत्म कर देना चाहती है- अमरजीत चावला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 5 अप्रैल।
प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महामंत्री अमरजीत सिंह चावला ने कहा है कि मोदी राज में आम जनता की आवाज उठाने एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना गुनाह हो गया है। केंद्र लोकतंत्र खत्म कर देना चाहती है।
पिथौरा में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बोलते हुए अमरजीत चावला ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देंश में आज आम आदमी की आवाज उठाना, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना गुनाह हो गया है। देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष 4 बार के सांसद राहुल गांधी जब संसद के अंदर बात करते है, तो उनको बोलने नहीं दिया जाता, उनका माइक बंद कर दिया जाता है, सत्तारूढ़ दल के सांसद बहुमत के अतिवादी चरित्र का प्रदर्शन करते हुए संसद की कार्रवाई नहीं चलने देते है। केंद्रीय मंत्री अपने पद की गरिमा को तार-तार करते हुये अनर्गल बयाबाजी करते है और जब इन सबसे भी राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और विपक्ष की आवाज को नहीं दबा पाते तो एक और षड्यंत्र रच राहुल गांधी की संसद सदस्यता को समाप्त करने कर दिया जाता है। यह शर्मनाक घटनाक्रम का सिलसिलेवार ब्योरा देने आज सभी राजस्व तहसील स्तर पर कांग्रेस द्वारा पत्रवार्ता आयोजित कर इसे जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

श्री चावला ने प्रश्न उठाते हुए कहा कि आखिर राहुल गांधी के ऊपर यह सारी कार्रवाई क्यों की गयी? इसका एक मात्र कारण है राहुल गांधी ने देश के प्रधानमंत्री की दुखती रग पर हाथ रख दिया। उन्होंने मोदी के निकट सहयोगी अडानी के घोटालेबाजी और अडानी-मोदी के गठबंधन पर आवाज उठाया।

श्री चावला ने कहा कि मोदी सरकार ने सवाल का जवाब तो नहीं दिया उल्टे राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खडग़े के भाषण से अडानी घोटाले के महत्वपूर्ण अंश और राहुल गांधी के भाषण (लगभग पूरी तरह से) को संसद के रिकॉर्ड से हटा दिया गया। क्यों संसद के बजट सत्र के चल रहे दूसरे भाग में, भारत के इतिहास में पहली बार एक सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा संसद को बाधित कर रही थी और इसे काम नहीं करने दे रही थी। यह अडानी को बचाने के लिए एक ध्यान भटकाने की साजिश है। जबकि संयुक्त विपक्ष इस पर जेपीसी (संयुक्त संसदीय समिति) चाहता है। राहुल गांधी पर भाजपा मंत्रियों द्वारा हमला किया गया। लोक सभा अध्यक्ष को राहुल ने दो लिखित अनुरोध किये कि उनको संसद में जवाब देने दें। इसके बाद तीसरी बार अध्यक्ष जी से मीटिंग भी की पर तीन अनुरोधों के बावजूद अध्यक्ष ने संसद में उन्हें बोलने का अवसर देने से इनकार कर दिया। इससे साफ पता चलता है कि पीएम मोदी नहीं चाहते कि अडानी के साथ उनके रिश्ते का पर्दाफाश हो।

बीजेपी की ध्यान भटकाने की कवायद 3 हास्यास्पद आरोपों से साबित होती है-
सबसे पहले उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने विदेशी ताकतों से लंदन में भारत की मदद करने के लिए कहा। ये एक सफेद झूठ है। अगर कोई उनके वक्तव्यों को ध्यान से देखें, तो उन्होंने कहा कि ये भारत का अंदरूनी मामला है, हम स्वयं इसका हल निकालने में सक्षम है।

दूसरा, भाजपा अब झूठा हौवा खड़ा कर रही है कि श्री राहुल गांधी ने ओबीसी को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया, क्योंकि उन्होंने पीएम मोदी से एक सवाल किया था! ध्यान भटकाने का एक और बोगस हथकंडा! जो व्यक्ति एकता फैलाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा में 4 हजार किमी पैदल चल सकता है, वो कैसे एक समुदाय को निशाना बना सकता है?

तीसरा सूरत, गुजरात में एक निचली अदालत के फैसले के 24 घंटे के भीतर भाजपा ने श्री गांधी को लोकसभा में उनकी सदस्यता को रद्द करने के लिए बिजली की गति से काम किया, भले ही अदालत ने उन्हें उच्च न्यायालय में अपील करने के लिए 30 दिन का समय दिया था। भाजप राहुल गांधी से इतना डरती क्यों है ? अब मोदी सरकार चोरों और घोटालेबाजों का पर्दाफाश करने के लिए राहुल गांधी पर निशाना साध रही है। कांग्रेस लड़ेगी, फिर जीतेगी।

आयोजित पत्रवार्ता में अमरजीत चावला के साथ विधायक एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष देवेंद्र बहादुर सिंह, कुलवंत खनूजा, अनन्त सिंह वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष आत्मा राम यादव, कांग्रेस अध्यक्ष करन सिंह दीवान, मुकेश यादव, अजय नन्द, दिनेश नामदेव, विकास शर्मा सहित दर्जनो कांग्रेस नेता कार्यकर्ता मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट