महासमुन्द
तबादले के विरोध में 56 दिन तक बंद रहा स्कूल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अप्रैल। पूरे तीन महीने तक बंद रहने के बाद शासकीय उच्च प्राथमिक शाला कलेण्डा कल से फिर खुलने की संभावना है। आज से 56 दिन पहले इस स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक शंकर साहू का स्थानांतरण हुआ था। इसके विरोध में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने स्थानांतरण रोकने की मांग करते हुए स्कूल परिसर का बहिष्कार कर दिया था। इस काम में बच्चों के पालकों का भी सहयोग रहा। अत: स्कूल में ताला लगा रहा। बीईओ से मिलकर उक्त शिक्षक को इसी स्कूल में पदस्थ रहने हेतु समस्त पालकों, विद्यार्थियों ने मांग भी की थी। आश्वासन मिलने के बाद 5 अप्रैल से यह स्कूल सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।
महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र स्थित कलेंण्डा शासकीय उच्च प्राथमिक शाला में पिछले 55 दिनों से ताला लगा रहा। इस स्कूल में पढऩे वाले सैकड़ों बच्चों में से कोई भी बच्चा स्कूल नहीं पहुंचा। वजह यही थी कि इस स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक शिक्षक शंकर साहू का स्थानांतरण हुआ था और स्कूल के छात्र-छात्रा उक्त शिक्षक का तबादला नहीं चाहते थे। छात्रों और पालकों का कहना था कि जब तक शिक्षक शंकर साहू को पुन: इसी स्कूल में नहीं लाया जाता, तब तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।
ग्रामीण कहते हैं कि गांव में शंकर साहू ऐसा पहला शिक्षक प्रधान पाठक है, जो निष्ठापूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। जब कोई बच्चा स्कूल नहीं पहुंचता, तो प्रधान पाठक खुद बच्चों के घर पहुंच जाते थे। जरूरतमंद बच्चों को कापी पेन सहित अन्य जरूरत की वस्तुएं स्वयं के पैसे से खरीदकर दिया करते थे। स्कूल के सभी बच्चे की देखभाल पालक की तरह करते थे। ऐसे शिक्षक के लिए सब कुछ कुर्बान किया जा सकता है। लिहाजा गांव वालों ने बच्चों को स्कूल भेजने के अलावा उनका तबादला रोकने स्थानीय विधायक, जिला शिक्षा अधिकारी, कलेक्टर सभी के दफतरों के चक्कर लगाते रहे। ग्रामीणों को आक्रोशित देख जिला शिक्षा कार्यालय ने कार्रवाई करते हुए उरक्त शिक्षक को पुन: कलेण्डा स्कूल में भेज दिया है।