महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अप्रैल। पुलिस अधीक्षक धर्मेद्र सिंह के निर्देशन में खल्लारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट के मोटर सायकल सहित दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। मालूम हो कि लूट के वारदात को चंद घंटे ही बीते थे कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मालूम हो कि 1 अप्रैल को प्रार्थी हेमराज चौहान (28) ओंकारबंद थाना खल्लारी जिला महासमुंद ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि अपने किसान सुरेन्द्र के मोटर सायकल से मोबाईल चार्जर लेने भीमखोज आया था। शाम करीब 5.30 बजे भीमखोज से वापस जाते समय रोशन मैरिज पैलेश के सामने एक बिना नम्बर मोटर सायकल में दो व्यक्ति सवार थे, ने प्रार्थी को बीच सडक़ में खड़े होकर हाथ दिखाकर रोका और प्रार्थी के मोटर सायकल की चाबी छीन वाहन ले गया।
प्रार्थी ने पुलिस को जानकारी दी है कि दोनों आरोपियों ने धमकाते हुए कहा था कि जितना पैसा रखा है, निकालकर दे। इस पर प्रार्थी डर के मारे मोटर सायकल को पीछे करने। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने प्रार्थी को धक्का मारा और गाड़ी से गिरा दिया और मोटर सायकल लेकर भाग गये।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध खल्लारी थाने में अपराध क्रमांक 30-2023 धारा 392 भादवि कायम किया गया। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी खल्लारी को तत्काल एक टीम गठित कर लूट के आरेापियों को गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया।
थाना प्रभारी खल्लारी उमाकांत तिवारी ने तत्काल अपने जवानों को लेकर एक टीम बनाकर रवाना किया। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो अज्ञात व्यक्ति बड़े जंगल ओंकारबंद के पास देखे गये हैं। पुलिस टीम मुखबिर की सूचना को तस्दीक करते हुए खोजबीन के लिए पहुंची तो आरोपी आर्यन कुरैशी (22) व राजकुमार राय (23) दोनों बागबाहरा वहां खड़े मिले। पूछताछ में आरोपियों ने रोशन मैरिज पैलेस खल्लारी के पास से मोटर सायकल लूटकर ले जाने एवं मोटर सायकल को बांध के पास छोटा नाला में छिपाना बताया। मेमोरण्डम के आधार पर मोटर सायकल को बरामद किया गया तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर ज्युडिशियल रिमांड पर पर भेजा गया