महासमुन्द

सर्व समाज समन्वय महासभा की बैठक में मेघावी बच्चों की पढ़ाई के लिए फाउंडेशन बनाने की सहमति
03-Apr-2023 2:32 PM
सर्व समाज समन्वय महासभा की बैठक में मेघावी बच्चों की पढ़ाई के लिए फाउंडेशन बनाने की सहमति

केन्द्र सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अप्रैल।
रविवार को सर्व समाज समन्वय महासभा बागबाहरा खंड की बैठक कर्मचारी भवन में आयोजित हुई, जिसमें स्वास्थ, शिक्षा, रोजगार के साथ केन्द्र सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सर्व समाज समन्वय महासभा संजीव कर्माकर, किसान नेता जुगनू चन्द्रांकर, तिलक साव, प्रताप महंती, जिला अध्यक्ष भीखम ठाकुर, विनोद यादव, हरमीत बग्गा, देव पटेल के अलावा महिलाएं शामिल हुईं।

बैठक में चर्चा उपरांत उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष सर्व समाज समन्वय महासभा श्री कर्मकर के समक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने सर्व समाज की ओर से छत्तीसगढ़ में मुफ्त शिक्षा और मुफ्त स्वास्थ्य की मांग की। उन्होंने मांग की कि बागबाहरा ब्लाक में मेघावी छात्र-छात्राओं (जो भविष्य की पढ़ाई करने में अक्षम हैं) के लिए सभी के सहयोग से फ ाउंडेशन तैयार किया जाए।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान सिपेट रायपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2023 24 हेतु डिप्लोमा एवं ग्रेजुएट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस संस्थान में प्रवेश लेने की योग्यता 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। इस अवसर पर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में स्वरोजगार हेतु ई रिक्शा प्राप्त करने की जानकारी भी दी गई।

मालूम हो कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को ई रिक्शा हेतु 1.70 लाख रुपए का प्रावधान है। जिसमें 1लाख रुपए सरकार द्वारा एवं 15 हजार रुपए की सहायता राशि सर्व समाज समन्वय महासभा द्वारा प्रदान की जाएगी। इसके लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज 4 पासपोर्ट साइज फोटो, बिजली बिल, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, श्रम कार्ड, छत्तीसगढ़ भवन अन्य सन्नीर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की आवश्यकता होगी। इस अवसर पर अन्य योजनाओं में केंद्र की योजनाएं जैसे हितग्राही जिन्हें आवास आवंटन नहीं हुआ है, उन्हें घर के मरम्मत हेतु 50 हजार रुपए प्रदाय होने, जिन्हें आवास न मिला हो, उन्हें दस्तावेज तैयार कर 10 अप्रैल 2023 तक आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी गई।
 


अन्य पोस्ट