महासमुन्द

ओडिशा से महासमुंद के रास्ते डेढ़ करोड़ का गांजा एमपी ले जाते 2 भाई हिरासत में
01-Apr-2023 7:44 PM
ओडिशा से महासमुंद के रास्ते डेढ़ करोड़ का गांजा एमपी ले जाते 2 भाई हिरासत में

 ट्रक में मुर्रा की बोरियों के नीचे रखा गया था गांजा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अप्रैल।
जिले की सिंघोड़ा थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने 2 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों से 7 क्विंटल गांजा बरामद किया है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं।

पुलिस के मुताबिक इस बार गांजा तस्करी का तरीका अलग था और आरोपी मुर्रा के नीचे गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। बरामद गांजे की कीमत एक करोड़ 40 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त वाहन कीमती 15 लाख रुपए भी बरामद किया गया है। 

पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे ने कल एक प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि सिंघोड़ा पुलिस को 30 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा की खेप सिंघोड़ा के रास्ते मध्यप्रदेश ले जाने की तैयारी है। एक ट्रक में अन्य सामानों के बीच छिपाकर रखा गया है। सूचना तस्दीक के लिए सायबर सेल एवं थाना सिंघोड़ा की टीम ने नेशनल हाईवे 53 दिनेश ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली में बैरिकेट लगाकर नाकेबंदी की। इसी बीच ओडिशा की ओर से संदिग्ध वाहन आया जिसे टीम ने रोका और पूछताछ शुरू हुई। 

उक्त ट्रक में 2 व्यक्ति सवार थे। दोनों को ट्रक से नीचे उतरवाकर पूछताछ की गई। उन्होंने अपना नाम कल्पनाथ डोहर उम्र 31 वर्ष तथा राजाराम डोहर साकिन सतना मध्यप्रदेश बताया। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। 

पूछताछ में उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश से ट्रक में मुर्रा लेकर ओडिशा आए थे। ओडिशा में ट्रक खाली कराना था, लेकिन खरीदने वाले ने मुर्रा को अमानक बता ट्रक खाली करने से मना कर दिया। इसलिए मुर्रा वापस मध्यप्रदेश ले जा रहे हैं। ट्रक में भरे मुर्रा की बोरियां हटाकर वाहन की तलाशी लेने पर नीचे बोरियों में खाकी रंग के प्लास्टिक टेप में लिपटा हुआ 700 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला।
 
आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा 700 किलो ग्राम और ट्रक वाहन के अलावा एक मोबाइल, नगदी रकम 800 रुपए बरामद कर धारा 20बी एनडीपीएस के तहत दोनों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है। 


अन्य पोस्ट