महासमुन्द
वोल्टेज समस्या से परेशान कछारडीही एवं नर्रा क्षेत्र में किसानों ने जनपद अध्यक्ष स्मिता चंद्राकर के नेतृत्व में कोमाखान विद्युत कार्यालय का घेराव किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 मार्च। वोल्टेज समस्या से परेशान कछारडीही एवं नर्रा क्षेत्र में किसानों ने मंगलवार जनपद अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर के नेतृत्व में कोमाखान विद्युत कार्यालय का घेराव किया।
घेराव को देखते ही अधिकारी के होश फाख्ता हुए और उन्होंने कहा कि ठेकेदार मशीन लेकर आ गया है, आज से ही काम चालू हो जाएगा। इतना सुनते ही अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने आक्रोशित लहजे में कहा कि आज जब घेराव की स्थिति निर्मित हुई तब काम चालू हो रहा है? ऐसी स्थिति में किसान आपा खो दें या आक्रोशित स्थिति में कुछ गलत कर बैठें तो आप जैसे अधिकारी एफआईआर दर्ज कराने चले जाएंगे। आखिर ऐसी स्थिति आने ही क्यों देते हैं?
मालूम हो कि वोल्टेज समस्या के कारण पिछले साल से ग्राम कछारीडीह और नर्रा के अलावा कई गांवों में पानी की समस्या है। लो वोल्टेज के कारण खेतों के बोलवेल बंद हो जाते हैं और धान की फसल सूख जाता है। इस बार भी यही स्थिति है। किसानों को वोल्टेज समस्या से जूझना पड़ रहा है। नलकूपों से पानी बंद हो गया है और फसल सूखने के कगार में आ गया है। बार-बार किसानों के आग्रह पर भी विभाग ने इस समस्या का समाधान नहीं किया था।
एक बार आग्रह करने पर सप्ताह भर का समय दिया गया था। लेकिन नियत समय पर काम पूरा नहीं होने के कारण कल आंदोलन की स्थिति निर्मित हो गई थी। अत: किसानों ने बिजली कार्यालय का घेराव कर दिया। लेकिन किसानों के साध जनपद अध्यक्ष को देखते ही अधिकारी ने कहा कि आज ही काम शुरू किया जा रहा है। इसके बाद जनपद अध्यक्ष के साथ किसान वापस अपने गांवों को लौट गए।
मालूम हो कि परसुली में भी किसानों ने हंगामा किया था। तब जनपद अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने विभाग को तत्काल 33 केवी का अतिरिक्त लाइन एवं परसुली में नया सब स्टेशन निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेजा था। जिसके उपरांत 33 केवी का अतिरिक्त लाइन सुनसुनिया बागबाहरा से कच्छारडीही व नर्रा के लिए एवं घोयनाबहारा सब स्टेशन से 11 केवी लाइन कोमाखान कस्बा के लिए स्वीकृत हुआ था। लेकिन विभाग ने समय पर काम नहीं कराया और किसानों को वोल्टेज की समस्या बरकरार रही। जनपद अध्यक्ष ने 5 मार्च तक कार्य पूर्ण नहीं होने पर आंदोलन करने ज्ञापन सौंपा गया था। फिर भी काम नहीं बना तो नाराज किसानों ने कल कार्यालय का घेराव कर दिया।