महासमुन्द

आत्मानंद इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों ने देखा आईएएस क्षीरसागर का सफरनामा
14-Mar-2023 7:12 PM
आत्मानंद इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों ने देखा आईएएस क्षीरसागर का सफरनामा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 14 मार्च। महासमुंद नगरीय क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश के विद्यार्थियों ने कल क्षेत्रीय न्यूज़ चैनल पर प्रसारित महासमुंद के कलेक्टर आईएएस निलेशकुमार क्षीरसागर का सफरनामा देखा और सुना। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लास के माध्यम से महासमुंद जिले के कलेक्टर 2011 बैच के आईएएस अधिकारी निलेशकुमार क्षीरसागर का एक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दिये गये इंटरव्यू को देखा। इससे छात्र काफी प्रभावित हुए। इसमें छात्रों ने जाना कि यूपीएससी की तैयारी के लिए देश की राजधानी दिल्ली में पढ़ाई करने की आवश्यकता और जरूरत नहीं है। बल्कि वो अपने क्षेत्र में रहकर गुरूजनों और शिक्षकों और एकाग्रता के साथ पढ़ाई कर सफलता अर्जित कर सकते हैं।

बच्चों ने जाना कि आईएएस बनने की प्रेरणा श्री क्षीरसागर को गांव के स्कूल से ही मिली थी। एक साधारण परिवार और छोटे से गांव का व्यक्ति अपनी मेहनत और लगन के जरिए अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। चाहे वो आईएएस की परीक्षा ही क्यों न हो। सफरनामा देखने से विद्यार्थियों को शिक्षा मिली कि हर मां.बाप का सपना होता है कि उनका बेटा कामयाबी की सीढ़ी हासिल करें। अपनी तरक्की के साथ ही अच्छा इंसान भी बनें।

सफरनामा से विद्यार्थियों को यह भी संदेश मिला कि बिना डरे पूरी मेहनत के साथ अपनी लक्ष्य की तैयारी पर फोकस करें। मेहनत खूब करें सफलता जरूर मिलेगी। यह मोटिवेशनल जानकारी छात्रों ने शालीनता के साथ देखा शिक्षकों ने भी इसे छात्रों के लिए बहुत ही उपयोगी बताया।

यह पूरा कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल में प्राचार्य अमी रूफस, वरिष्ठ व्याख्याता प्रमोद कुमार कन्नौजे के मार्गदर्शन में संस्था के कंप्यूटर शिक्षक ऋतुराज देवांगन के द्वारा दिखाया गया। इस अवसर पर संस्था के शिक्षक जी आर टांडेकर सहित समस्त स्टाफ उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट