महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 मार्च। मोर आवास मोर अधिकार के तहत 15 मार्च को मुख्यमंत्री निवास घेराव के लिए भाजपाई लगातार बैठकें ले रहे हैं। कल ग्रामीण मण्डल प्रभारी व पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा के नेतृत्व में जिला कार्यालय में बैठक हुई। जिसमें तय किया गया कि महासमुंद ग्रामीण मण्डल से लगभग एक हजार की संख्या में रायपुर रवाना होंगे। सभी नदी चौक घोडाऱी में एकत्रित होकर रायपुर विधानसभा घेराव के लिए निकलेंगे। इस बैठक में महासमुंद विधानसभा के ग्रामीण मण्डल के सैकड़ों की संख्या में भाजपा नेता उपस्थित थे।
मोर आवास मोर अधिकार के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने नयापारा, इमलीभांठा तथा शनिबाड़ा में बैठक ली। बैठक प्रभारी नगरीय निकाय संघ के जिला संयोजक पार्षद देवीचन्द राठी ने भूपेश सरकार द्वारा राज्यांश की राशि नहीं दिये जाने की कड़ी निंदा करते हुये कहा कि सरकार की लापरवाही के चलते लाखों हितग्राही आवास की सुविधा से वंचित है और उनमें कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रोश है। लिहाजा कल 15 मार्च को महासमुंद जिले से हजारों की संख्या में वंचित हितग्राही और भाजपा के कार्यकर्ता विधानसभा घेराव के लिए रायपुर रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि घेराव कार्यक्रम के लिए शहर के वार्डों में प्रभारियों से निरंतर संपर्क बैठक जारी है। शहर महामंत्री एमआर विश्वनाथन, बूथ अध्यक्ष गोपाल वर्मा ने भी घेराव में जाने की अपील की है।