महासमुन्द

करणीकृपा प्लांट लगने से इस क्षेत्र के लाखों किसान कोडार बांध के पानी से वंचित हो जाएंगे-अनिल दुबे
13-Mar-2023 2:18 PM
करणीकृपा प्लांट लगने से इस क्षेत्र के लाखों किसान कोडार बांध के पानी से वंचित हो जाएंगे-अनिल दुबे

  किसान सत्याग्रह को 381 दिन पूरे, आरोप-अधिग्रहण के बहाने हड़पी जमीन 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मार्च।
महासमुंद में मेसर्स करणी कृपा पावर प्लांट का विरोध कर रहे छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के लोगों ने कर एक पत्रकार वार्ता में कहा कि प्लांट लगने से इस क्षेत्र के लाखों किसान कोडार बांध के पानी से वंचित हो जाएंगे। क्षेत्र का पर्यावरण दूषित हो जाएगा और कई गांवों में लोग पानी के लिए त्राहि-त्राहि करेंगे। 

किसानों के मुताबिक इस किसान सत्याग्रह को 381 दिन पूरे हो गये हैं। सबसे लंबा चलने वाला देश का यह पहला आंदोलन है। इनका आरोप है कि किसानों, आदिवासियों, वन भूमि, काबिल कास्त भूमि को अधिग्रहण के बहाने हड़पी गयी है। इसमें कलेक्टर महासमुंद और विधायक  की सहमति हैं। 

आंदोलनरत किसानों ने अनिल दुबे के प्रतिनिधित्व में कल महासमुंद में प्रेसवार्ता लेकर कहा कि आंदोलन को आज 381 दिन हो गए हैं। यह आंदोलन अब भारत के इतिहास में सबसे ज्यादा दिन चलने वाला आंदोलन हो गया है।  ग्रामीण इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर चुके हैं,  लेकिन ये मुलाकात भी बेनतीजा ही रहा है। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा ने इस मामले में अब उच्च न्यायालय का शरण लिया है, जिस पर सुनवाई होनी अभी बाकी है। 

उन्होंने कहा कि हमारे आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने अब तक हमारी बातों को नहीं सुना है और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया है। यहां तक कि जिला प्रशासन ने धरना स्थल पर लगे टेंट पंडाल आधी रात को बिना सूचना दिए उखाड़ दिया। हम जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ शासन को बताना चाहते हैं कि हारे नहीं हैं और पूूरे जोश के साथ अब भी मैदान में हैं। न्यायालय से आखरी फैसला आते तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। 

 


अन्य पोस्ट