महासमुन्द

फिल्म शोले की बसंती का नाम बसंत पर न होता तो फिल्म में वो ऐसी रंगीन, चुलबुली और शरारती न होती-नियति
12-Mar-2023 4:31 PM
फिल्म शोले की बसंती का नाम बसंत पर न होता तो फिल्म में वो ऐसी रंगीन, चुलबुली और शरारती न होती-नियति

कॉलेज में बसंत का औदात्य और प्रस्तुति का वैविध्य विषय पर  संगोष्ठी

महासमुंद,12 मार्च। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में बसंत का औदात्य और प्रस्तुति का वैविध्य विषयक एक दिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी के आयोजन में नियति अग्रवाल, पी.एच-डी. शोधार्थी पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर ने अपने शोध पत्र वाचन में कहा कि हिन्दी सिनेमा के इतिहास में मील का पत्थर बनी फिल्म शोले की बसंती का नाम यदि बसंत पर न होता तो फिल्म में वो ऐसी रंगीन, चुलबुली और शरारती न होती। फि ल्म अंगुलीमाल में अनिल विश्वास की धुन आई-आई बसंती बेला ने खूब धूम मचाई। मृच्छकटिकम् पर आधारित शशि कपूर की फिल्म आई थी उत्सव, जिसमें बसंतसेना,रेखा और चारूदश्र शेखर सुमन के मिलन की व्याकुलता को मदन उत्सव के दौरान बखूबी फिल्माया गया है।

इस शोध संगोष्ठी में संयोजक एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुसुइया अग्रवाल, डी.लिट् के अलावा मंच पर बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. पुनित बिसारिया (जो लगभग 50 पुस्तकों के लेखक हैं) डॉ. देवेन्द्र भारद्वाज (जिनकी लिखी लाल किताब में लिखा था यूं व्यंग संग्रह ने राष्ट्रीय स्तर पर धूम मचा दी थी) झांसी से पधारे थे। डॉ. जय कौशल असम विश्वविद्यालय असम राष्ट्रीय स्तर के अनुवादक एवं डी.डी. नेशनल चैनल पर प्रसारित हिन्दी टी.वी. सीरियल चामूरूई ऑम्पा के सह पटकथा लेखक, डॉ. विनय कुमार पाठक पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग, प्रो. (डॉ.) चितरंजन कर पूर्व अध्यक्ष एवं भाषाविद् पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर, डॉ. अनिल भतपहरी सचिव छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग, डा. दुर्गा भारतीय, दुर्गेश वर्मा अपर कलेक्टर महासमुंद जिलाधीश प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित थे।

इस दौरान लगभग 10 विषय विशेषज्ञों की प्रस्तुति सहित 22 शोध-पत्र वाचन मंच से किया गया जिसमें नियति अग्रवाल के शोध पत्र को ‘बेस्ट पेपर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। अपने शोध पत्र वाचन में उन्होंने कहा कि-बसंत को ऋतुओं को राजा कहा जाता है। साहित्य और सिनेमा में बसंत को केवल एक मनोहारी ऋतु का स्थान प्राप्त है। अपितु इसे प्रेम का मौसम भी माना जाता है। महाकवि कालिदास ने तो इसे बसंत योद्धा कहकर संबोधित किया है।
इस शोध संगोष्ठी में अनेक स्थानों से लगभग 60 शोधार्थी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षाविद् साहित्यकार एवं प्रबुंद्धजन उपस्थित थे।
शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद एवं पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के साहित्य विभाग ने नियति अग्रवाल को इस उपलब्धि पर बधाई प्रेषित की।  

 


अन्य पोस्ट