महासमुन्द

अंगीठी दागने से जीवित बची पीडि़ता ने कहा-आश्रम में आत्माओं का वास, सभी बाबा की कैद में
12-Mar-2023 1:23 PM
अंगीठी दागने से जीवित बची पीडि़ता ने कहा-आश्रम में आत्माओं का वास, सभी बाबा की कैद में

 ‘छत्तीसगढ़’ से कहा-मैं मानने तैयार नहीं थी इसलिए मारपीट कर जिंदा जलाया गया 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 मार्च।
महासमुंद जिले के पतेरापाली स्थित जय गुरुदेव आश्रम में भोग लगाने को लेकर नाबालिग को जलती लकडिय़ों से जलाने, नाबलिग के मुंह में जलती हुई अंगीठी डालने के मामले में अब नई कहानी सामने आ रही है कि इस आश्रम में अलग-अलग जगहों पर आत्माओं का वास होने की बात बताई जाती है, लोगों को बताया जाता है कि इन सभी आत्माओं को बाबा ने कैद किया हुआ है।
 

इस आश्रम में एक डायरी रखी हुई है, जिसमें 15 से ज्यादा आत्माओं को अलग-अलग जगहों पर कैद करने का जिक्र है।
 

यह बातें उस नाबालिग ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताई है। वह अब गंभीर हालत से उबर रही है और बातचीत कर लेती है लेकिन रह-रहकर उसे घटना की याद आती है और सहमकर चुप हो जाती है। इसकी हालत देखकर परिवार वालों ने उसका नाम न छापने की अपील की है।  
आरंग के एक निजी अस्पताल में उपचार करा रही नाबालिग को होश आ चुका है। बातचीत के दौरान वह थोड़ी असहज थी, लेकिन सारी बातें बता रही थीं।

उसने बताया कि आश्रम में उसे बताया गया कि उस आश्रम में दर्जनों आत्माओं का डेरा है। किसी का यज्ञ स्थल पर, किसी का महुआ पेड़ पर तो किसी का आश्रम के कोनों पर वास है। 

उसने कहा- मैं स्कूल जाती हूं और इन सब बातों को नहीं मानती। परिवार वाले सब मानते हैं कि आश्रम में आत्माओं का वास है। मुझे आश्रम से जोड़े रखने के लिए ही वहां भेजा गया था। अकेले जानकर मुझे आत्माओं के बारे में जानकारी देना शुरू हुआ। कहा गया कि मेरे अंदर बुरी आत्मा का वास है इसलिए उसे निकालना जरूरी है। पूजा, आरती, भोग के बाद प्रसादी खाने कहा गया। मैंने अस्वीकार कर दिया। फिर एक सेवादार ने गुरूमाता और गुरू के आदेश पर जलती अंगीठी लाकर मेरे मुंह में ठूंस दिया। पैर, जांघ, पीठ को जलती लकड़ी से दागा गया। मेरे साथ जमकर मारपीट की गई। मैं रोती-चिल्लाती रही, लेकिन मुझे बचाने कोई नहीं आया। इसी हालत में मुझे एक पेड़ के नीचे रात भर छोड़ दिया गया। दर्द से मैं अधमरी हो गई, तब दूसरे दिन मेरे मां-पिता को जानकारी भेजकर मुझे वहां से निकाला गया।

 मालूम हो कि इस मामले में पहले ही आरोपी सेवादार नरेश पटेल, भोजराम साहू और राकेश दीवान को गिरफ्तार कर किया। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई और आश्रम के संचालक रमेश ठाकुर को भी धर दबोचा, लेकिन गुरूमाता कौन है और उनके खिलाफ अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं हो पाई है? बहरहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है।

गौरतलब है कि महाशिवरात्रि के दिन पूजा के लिए परिवार के साथ आश्रम पहुंची थी। पूजा के बाद परिवार वापस अपने घर लौट आया था, भाई के साथ नाबालिग को वहीं आश्रम में ही छोड़ दिया था। दूसरे दिन भाई भी घर लौट आया और उसी शाम पूजा के समय बच्ची का यह हाल हुआ था। पूजा के दौरान ही सेवादारों के साथ पूजा-पाठ को लेकर विवाद हुआ था। आश्रम के सेवादारों ने नाबालिग लडक़ी के साथ जमकर मारपीट की। इतने पर भी उनका जी नहीं भरा तो उन्होंने उसके मुंह में जलती लकड़ी ठूंस दी। शरीर के हर अंग को जलती हुई अंगीठी से दाग दिया गया।

पीडि़ता नाबालिग ने पुलिस को एक डायरी के बारे जानकारी दी थी। वह अब पुलिस के पास है। इस डायरी में सनसनीखेज जानकारियां दर्ज हैं। डायरी में भूत-प्रेत को काबू करने का दावा है। इसमें अलग-अलग जगहों पर आत्माओं को कैद करने की जानकारी है। डायरी में 15 से ज्यादा आत्माओं को अलग-अलग जगहों पर कैद करने का जिक्र है।


अन्य पोस्ट