महासमुन्द
शुक्रवार को नीलामी में समय पर खरीददार उपस्थित नहीं हुए
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 मार्च। किसानों को उनके धान का करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपए भुगतान नहीं करने वाले राइस मिलर तेज प्रकाश चंद्राकार उर्फ तेजा की संपत्ति की नीलामी कल निर्धारित समय शुरू हुई लेकिन समय पर खरीददार उपस्थित नहीं होने से अब यह नीलामी आगामी 17 मार्च को सुबह 11 बजे से होगी? अब की बार नीलामी की प्रक्रिया ग्राम साराडीह स्थित महामाया एग्रोटेक व सांई कृपा राईस मिल में ही होगी। यह वह संपत्ति है जिसकी नीलामी के बाद शासन-प्रशासन नीलाम के पैसे को किसानों को जारी करने वाले हैं। इसके साथ ही तेजा के ग्राम बनसिवनी स्थित 11 एकड़ कृषि भूमि की भी नीलामी होगी।
नीलामकर्ता अधिकारी प्रेमुलाल साहू तहसीलदार महासमुंद, रविन्द्र काले नायब तहसीलदार महासमुंद, हल्का पटवारी संतोष कुमार सोनी, सचिव कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद कमल नारायण ध्रुव, ग्राम पंचायत साराडीह के सरपंच साजन यादव, जिला पंचायत सदस्य एवं किसान भुगतान संघर्ष समिति के संयोजक जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर, छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के संयोजक मंडल सदस्य तेजराम विद्रोही, भुगतान अप्राप्त किसानों रूपन लाल चन्द्राकर, भारत चन्द्राकर, सुरेश चन्द्राकर, पवन चन्द्राकर, खोमन सिन्हा, बिशहत चन्द्राकर, जवाहर चन्द्राकर, कौतुल मणि चंद्राकर, बंशी साहू, गोवर्धन चन्द्राकर, खिलावन यादव आदि की उपस्थिति में किसानों को भुगतान हेतु बकाया भुगतान राशि 1 करोड़ 61 लाख 75 हजार 282 रुपए की वसूली हेतु न्यायालय के आदेशानुसार 10 मार्च को साराडीह पंचायत भवन में सुबह 12 बजे नीलामी की कार्रवाई शुरू की गई थी। कुल राशि की 10 प्रतिशत अमानत राशि जमा करने का निर्धारित समय दोपहर 2 बजे रखी गई थी परंतु निर्धारित समय पर खरीददार उपस्थित नहीं होने पर नीलाम की प्रक्रिया आगामी 17 मार्च को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित की गई है।
नीलामकर्ता अधिकारी एवं तहसीलदार महासमुंद प्रेमुलाल साहू ने बताया कि ग्राम साराडीह में स्थित महामाया एग्रोटेक का निर्मित गोदाम 3668.80 वर्गमीटर व खाली भूमि एवं सांई कृपा राईस मिल का निर्मित गोदाम 775.44 वर्गमीटर है। परिवर्तित भूमि रकबा 1.21 हेक्टेयर है। सभी का आधार मूल्य 1 करोड़, 64 लाक, 46 हजार 268 रुपए रखी गई है। दोनों फर्म महासमुंद बरोडा बाजार मुख्य मार्ग से लगा हुआ है।
इसी प्रकार ग्राम बनसिवनी स्थित 11एकड़ कृषि भूमि की भी नीलामी होगी जिसका आधार मूल्य 37 लाख, 23 हजार 720 रुपए रखी हुई है। इच्छुक खरीददार 17 मार्च 2023 दिन शुक्रवार को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत साराडीह में उपस्थित होकर आधार मूल्य का 10 प्रतिशत राशि चेक अथवा नगद के रूप में जमा कर नीलाम प्रक्रिया में भाग ले सकता है।
जिनके नाम पर बोली कटेगी वह कुल मूल्य का 15 प्रतिशत राशि नगद अथवा चेक जमा कर सुरक्षित रख सकते हैं। नीलाम से 15 दिन के भीतर उसकी रजिस्ट्री की जाएगी। उस समय बाकी 75 प्रतिशत राशि जमा करना होगा।