महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मार्च। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रस्तुत बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता के हितों को ध्यान में रखकर बजट पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में भी सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखते हुए छत्तीसगढ़ के भरोसे का बजट पेश किया गया है। यह बजट विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को पांचवां बजट पेश किया। सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य का बजट पेश किया। बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने इस बजट को छत्तीसगढ़ प्रदेश के विकास में नए आयाम गढऩे वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के सर्वहारा वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए है। प्रस्तुत बजट को गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के मूलमंत्र में समाहित भावनाओं को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश को हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने बताते हुए कहा कि समग्र विकास, शिक्षा, अधोसंरचना व हेल्थ के आधार पर बजट को तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बजट में न कोई नया टैक्स लगाया है और न कोई टैक्स में वृद्धि की है। जिससे जनता को निश्चित रूप से राहत मिलेगी। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना को अब नगर पंचायत क्षेत्र में विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षित बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने की नवीन योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत रोजगार एवं पंजीयन केंद्र में पंजीकृत 12 वीं पास 18 से 35 वर्ष के ढाई लाख कम वार्षिक आय वाले युवाओं को ढाई हजार प्रति माह की दर से बेरोजगारी भत्ता प्रदान की जाएगी। इसके लिए दो सौ पचास करोड़ का प्रावधान रखा गया है। निराश्रितों, बुजुर्गों, दिव्यांगों, विधवा व परित्यक्ता महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अंतर्गत दी जाने वाली मासिक पेंशन की राशि 350 से बढ़ाकर पांच सौ रुपए प्रतिमाह की गई है। संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध महासमुंद के अस्पताल में ई चिकित्सालय की स्थापना की जाएगी।