महासमुन्द
महासमुंद,6 मार्च। महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि देश की जनता के लिए होली का उपहार देते हुए अमृतकाल में घरेलू सिलेंडर के दाम 50 रुपए और कमर्शियल गैस के दाम 350 रुपए बढ़ाए गए हैं। यह अच्छे दिनों में गिने जाएगा। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सार्वजनिक सभाओं में महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की बात करते हैं, गरीब तबके के हितों की बात करते हैं। दूसरी तरफ महंगाई की मार सब पर पड़ रही है। होली से ठीक पूर्व रसोई गैस के दाम बढ़ाकर केंद्र सरकार ने गरीब व मध्यम वर्ग को होली को खराब कर दिया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार महिला विरोधी, युवा विरोधी, महंगाई को बढ़ाने वाली है।
जनता पूछ रही है कि अब कैसे बनेंगे होली के पकवान? कब तक जारी रहेंगे लूट के ये फरमान? कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि वर्ष 2014 में रसोई गैस की कीमत 410 रुपए थी। एक गैस सिलिंडर 11 सौ पार कर दिया गया है। रोजमर्रा के सामानों पर मूल्यवृद्धि का नकारात्मक असर पड़ेगा। 5 साल में 45 प्रतिशत गैस सिलेंडर का दाम बढ़ चुका है।
उसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को नये-नये सपने दिखाते हैं। बड़े-बड़े विज्ञापन के जरिए वाहवाही लूटते हैं।