महासमुन्द
महासमुंद, 6 मार्च। आज सुबह-सुबह मुनगासेर के ग्रामीणों ने गांव में दो हाथियों के आने की खबर वन विभाग को दी।
गांव वालों के मुताबिक आज पहट को हाथियों ने गांव के कच्चे घरों में काफी उत्पात मचाया है। घरों के खपरैल जमीन पर गिरे हैं और दीवारों को भी क्षति पहुंचाई है। इससे पहले आज रात ही दूसरे पहर में छिलपावन चौक के पास यही दो हाथी पहुंचे तो राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। उस वक्त गांव के रास्ते से कई राहगीर अपने-अपने वाहनों से गुजर रहे थे। जबकि कल शाम को ही झलप के आसपास हाथियों के चिंघाडऩे की आवाज साफ सुनाई दे रही थी। मुनगासेर में उत्पात मचाने के बाद इनके नदी चरौदा में एक हाथी आने की सूचना है। समाचार लिखते वक्त सुबह के पौने 9 बजे हाथी ग्राम लिलेसर की ओर बढ़ रहे हैं।
वन विभाग ने लिलेसर,चरौदा, छिलपावन, मुनगासेर समेत आसपास के सभी गांवों में अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कोई भी ग्रामीण शाम अथवा रात को अकेले गांवों में विचरण न करें साथ ही जंगल की ओर न जाएं। महुआ बीनने जाने वाले विशेषकर सतर्कता बरतें।