महासमुन्द

रूट चेंज से बेखबर युवा ट्रेलर की चपेट में
04-Mar-2023 2:20 PM
रूट चेंज से बेखबर युवा ट्रेलर की चपेट में

सुुरक्षा उपायों में लापरवाही पर परिजन न्यायालय जाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4 मार्च।
महासमुंद जिले से गुजरने वाले नेशनल हाइवे 53 पर दर्रीपड़ाव से चिरकोपड़ाव तक लगभग डेढ़ किलोमीटर नेशनल हाइवे की सडक़ को डायवर्ट करते वक्त बीएससीपीएल और एनएचआई ने सुुरक्षा उपायों में लापरवाही के कारण पीएससी की तैैयारी कर रहे नौजवान की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई।

यह मामला 1 मार्च का है। इस दिन महासमुंद जिले से गुजरने वाले नेशनल हाइवे 53 पर दर्रीपड़ाव से चिरकोपड़ाव तक लगभग डेढ़ किलोमीटर नेशनल हाइवे की सडक़ को बीएससीपीएल और सरायपाली से रायपुर की ओर जाने वाली बाएं साईड की फोर लेन सडक़ को एनएचआई ने सडक़ मरम्मत के लिए बंद किया हुआ था। इस दौरान सरायपाली से रायपुर की ओर जाने वाली तथा सरायपाली से रायपुर की ओर आने जाने वाली गाडिय़ां एक ही लेन पर चल रही थी। यहां सडक़ मरमत के लिए रोड बंद करने और रोड डाइवर्ट करने संबंधी नियमों का पालन नहीं किया गया था।

जानकारी अनुसार जिस युवक की मौत हुई, उसका नाम त्रिलोचन यादव था। वह बावनकेरा गांव का निवाासी था और रायपुर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था। घटना दिनांक को वह रायपुर से महासमुंद आया था और महासमुंद से मोटर सायकल में तुंमगाव होते हुए अपने घर बावनकेरा से जा रहा था। उसे पता नहीं था कि दर्रीपड़ाव से चिरकोपड़ाव तक सरायपाली से रायपुर की ओर जाने वाली लेन बंद है। इसलिए त्रिलोचन चिरको पड़ाव से दर्रीपड़ाव के बीच अपने बाएं लेन में ही जा रहा था कि हाइवे के चैनल नंबर 2-195 के पास उसी लेन में ही विपरीत दिशा से सामने अचानक टेलर आ गया और घबराहट में त्रिलोचन का बैलेंस बिगड़ गया। इससे त्रिलोचन यादव पीछे से आ रही तेल टेंकर की चपेट में आ गया और टेंकर के चक्के के नीचे आ गया।

गंभीर रूप से घायल त्रिलोचन को तुमगांव हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस तरह एक होनहार युवक की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि बीएससीपीएल और एनएचआई ने सडक़ डाइवर्ट किए जाने के वक्त सडक़ में अस्थाई पार्टिशन नहीं किया था और वहां कोई संकेतक भी नहीं रखा था। जिससे वाहन चालकों को पता चल सके कि सडक़ डायवर्ट किया गया है।  

मृतक के परिजनों के मुताबिक बीते 1 फरवरी को जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय मौके पर लेन बंद करने को लेकर सुरक्षा उपायों में खामी थी। वहां सुरक्षा के इंतेजाम नहीं थे। रोड डाइवर्ट करते वक्त उस लेन में अस्थायी पार्टिशन तक नहीं किया गया था। साथ ही लेन बंद करने के पूर्व संबन्धित थाना क्षेत्र पटेवा को भी इसकी सूचना नहीं दी गई थी। पीडि़त परिवार अब ट्रक ड्राईवर सहित बीएससीपीएल और एनएचआई के अधिाकरियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने वाले हंै।

गौरतलब है कि महासमुंद से रायपुर रोड में आरंग से रेहटीखोल तक लगभग 135 किलोमीटर नेशनल हाइवे 53 की सडक़ का निर्माण बीएससीपीएल और एनएचआई द्वारा किया गया है। इस सडक़ पर चार सालों में लगभग 6-7 सौ लोगों की सडक़ दुर्घटना में मौत हुई है। बीते 1 जनवरी 2020 से 6 जुलाई 2022 तक इस नेशनल हाइवे 53 में 500 दुर्घनाएं जिसमें 255 लोगों की जान चली गयी और 479 लोग घायल हुए हैं। इस नेशनल हाइवे में कई ब्लैक स्पाट है जहां हर रोज दुर्घनाएं होती है। इन स्पाटों में कुहरी मोड़, छिलपावन चौक, बस स्टैंड डोंगरीपाली से टेका पहाड़ी, बिटांगीपाली कालेज पेट्रोल पंप, न्यू गिल ढाबा से सलहेतराई स्कूल शामिल हैं। यहां हुई दुर्घटनाओं में कुछ घटना वाहन चालकों की खुद की लापरवाही से हुई बताया जाता है लेकिन कई दुर्घटनाएं बीएससीपीएल और एनएचआई की लापरवाही से भी हो रही है।

यहां एक तकलीफदेह बात यह है कि चिरकोपड़ाव से दर्रीपड़ाव तक सडक़ के घुमावदार होने के कारण सामने से आ रहे वाहनों के बारे में आभास नहीं हो पाता। विभागीय जानकारी अनुसार जब भी नेशनल हाइवे के एक लेन को बंद कर उस लेन की गाडिय़ों को दूसरे लेन में डाइवर्ट किया जाता है,तब सुरक्षा उपाय के रूप में होइवे के कोई भी लेन को मरमत के लिए बंद करने के 7 दिन पहले एनएचएआई से लिखित में अनुमति लेना होता है, उनके अनुमति के बिना लेन बन नहीं किया जा सकता। रोड के एक लेन को बंद करके ही दूसरे लेन में डाइवर्ट किया जाता है। रोड के लेन को बंद करने से पहले स्थानीय पुलिस थाने को सूचना देना होता है। रोड के एक लेन को बंद करके दूसरे लेन में डाइवर्ट करते समय उस लेन को अस्थायी तौर पर पार्टिशन करना होता है ताकि दुर्घटना से बचा जा सके। अस्थाई पार्टिशन अस्थाई सेफ्टी कोन, पानी अथवा रेत से करना होता है। जिस स्थान से रोड डाइवर्ट किया जाता है, वहां स्टॉप बेरियर लगाया जाता है और लाल झंडे लेकर किसी व्यक्ति को खड़ा किया जाता है। जहां से रोड डाइवर्ट किया जाता है वहां नेशनल हाइवे की पेट्रोलिंग गाड़ी खड़ी रहती है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। लेकिन घटना दिनांक को ऐसी कोई सुविधा नहीं थी।  
 


अन्य पोस्ट