महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मार्च। गन्ने से बने गुुड़ के बारे में भी जानते हैं, लेकिन इन दिनों सरायपाली में तमिलनाडु से आए कुछ किसान ताड़ से गुड़ बनाकर बेच रहे हैं। तमिलनाडु के रामेश्वर से आए किसान कुमार कहते हैं-ताड़ के पेड़ों से नीला पानी (रस) निकाला जाता है। यह पानी जब ताजा होता है तो बहुत मीठा होता है। जिसे नीरा कहते हैं। तमिलनाडु के कई किसान इस पानी पर आश्रित हैं और इससे गुड़ बनाकर अपना परिवार पालते हैं।
इन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि ताड़ के रस को किसान बड़े कड़ाही में देशी तरीके से उबालकर गुड़ बनाते हैं। इसके बाद नारियल के अंदर के खोखले भाग में रखकर इस गुड़ को आकार दिया जाता है। इस गुड़ को बनाने में 2 दिन लग जाता है। ताड़ के रस से बने गुड़ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सालों तक खराब नहीं होता है। महासमुंद के सरायपाली इलाके में तमिलनाडु के किसान इस साल 2 टन ताड़ का गुड़ बेच चुके हैं। इस साल गर्मी जल्दी आने के कारण गुड़ जल्दी बेचकर घर लौटना पड़ रहा है।
इनका कहना है कि ताड़ के रस का गुड़ दो प्रकार का होता है। एक सादा गुड़ और दूसरा मसाला गुड़। मसाला गुड़ अदरक, लौंग, काली मिर्च, अश्वगंधा, तुलसी से मिलाकर बनाया जाता है। सादे गुड़ को 140 रुपए किलो और मसाला गुड़ को 240 रुपए किलो के हिसाब से बेचते हैं। हालांकि यह गुड़ महंगा है लेकिन इस गुड़ में शरीर के लिए फायदेमंद तमाम पोषक तत्व पाए जाते हैं। ताड़ का गुड़ शरीर को शुगर, बीपी, सर्दी खांसी के अलावा पाचन तंत्र के लिए कारगर है। ताड़ का गुड़ कोलेस्ट्रॉल लेवल को भी कम करता ह।