महासमुन्द

मारपीट करते नाबालिग के मुंह में जलती लकड़ी डाला, बच्ची की हालत नाजुक, 3 हिरासत में
02-Mar-2023 2:48 PM
मारपीट करते नाबालिग के मुंह में जलती लकड़ी डाला, बच्ची की हालत नाजुक, 3 हिरासत में

भोग लगाने के नाम पर बच्ची से विवाद हुआ था 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च।
जिले के थाना बागबाहरा में नाबालिक बच्ची को जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना जय गुरुदेव मानस आश्रम पतेरापाली की है। बागबाहरा थाने में 28 फरवरी 2023 को प्रार्थी आवेदक मनीष सिन्हा पिता शत्रुहन सिन्हा निवासी कठिया नं.2 अभनपुर जिला रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 24 फरवरी को जय गुरूदेव मानस आश्रम पतेरापाली के सेवादारों नरेश पटेल, भोजराम साहू, राकेश दीवान ने जान से मारने की नीयत से डण्डे से मारपीट करते हुए जलती हुई लकड़ी को नाबालिग बच्ची के मुंह में डाल दिया है। यह बच्ची जागृति सिन्हा मेरी छोटी बहन है। इस घटना से बच्ची के पैर, जांघ, पीठ, दोनों भुजा, गला, मुंह, होठ, जीभ, तालू में गहरे जख्म हैं और इस वक्त वह गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज हेतु चण्डी अस्पताल बागबाहरा में भर्ती किया गया हा। 
बागबाहरा थानेदार स्वराज त्रिपाठी ने आवेदन को जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा। खबर पाते ही पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, अनुविभागीय अधिकारी अजय शंकर त्रिपाठी की टीम को तत्काल चण्डी अस्पताल बागबाहरा रवाना किया। अस्पताल में पीडि़ता बच्ची जागृति सिन्हा का मुलाहिजा कराया गया। जिसमें डाक्टर ने चोट की प्रकृति को गंभीर बताते हुए समय पर इलाज नहीं होस कने की स्थिति में मृत्यु की संभावना बताया। 

रिपोर्ट मिलते ही आरोपियों के विरूद्ध थाना बागबाहरा में अपराध धारा 307, 294, 506, 34 भादवि पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों की के पतासाजी के लिए बागबाहरा थाने की टीम  ग्राम पतेरापाली जय गुरूदेव मानस आश्रम पहुंची। इस आश्रम से तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तीनों ने अपना-अपना जुर्म स्वीकार किया है। 

आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि पूजा के दौरान भोग लगाने के संबंध में बच्ची से विवाद हु्आ था। इसी दौरान गुस्से में आकर  ऐसा कृत्य किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लकड़ी का डण्डा, एक नग जली हुई लकड़ी कब्जा में लिया और तीनों आरोपियों नरेश उर्फ सोनू पटेल उम्र 28 वर्ष निवासी पतेरापाली बागबाहरा, भोजकुमार साहू उम्र 27 वर्ष निवासी भैंसातरा थाना राजिम, राकेश कुमार दीवान उम्र 40 वर्ष निवासी भालूचुआं थाना बागबाहरा को हिरासत में लिया है। तीनों को गिरफ्तारी के बाद ज्यूडिशियल रिमाण्ड पर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। 

 


अन्य पोस्ट