महासमुन्द

नगर सरकार को तुहंर द्वार यात्रा के पहले दिन मिली रोड, नाली की शिकायत
02-Mar-2023 2:20 PM
नगर सरकार को तुहंर द्वार यात्रा के पहले दिन मिली रोड, नाली की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च।
नगर सरकार तुहंर द्वार यात्रा के पहले दिन नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने पिटियाझर वार्ड क्रमांक 12 एवं पंजाबीपारा वार्ड क्रमांक 13 का भ्रमण किया। इस दौरान नपाध्यक्ष को सब से अधिक लोक निर्माण विभाग, जल विभाग और स्वास्थ्य विभाग के सफाई संबंधित शिकायत मिली है। वहीं विद्युत विभाग, जल विभाग और स्वच्छता से जुड़ी शिकायतें कम मिली है।

दूसरे चरण के नगर सरकार तुहंर द्वार यात्रा के पहले दिन नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, वार्ड पार्षद डमरूधर मांझी, पार्षद राजेन्द्र चंद्राकर, लता कैलाश चंद्राकर, सीएमओ डी एल वर्मन, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी दिलीप चंद्राकर, लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता दिलीप कश्यप, जल प्रभारी अनुराग गुप्ता, मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नौशाद बख्श, ममता बग्गा, राखी ठाकुर, प्रेमशीला बघेल, यशवंत ठाकुर तमाम कर्मचारी शामिल रहे।

भ्रमण के दौरान नपाध्यक्ष को लोक निर्माण विभाग से जुड़ी 35 शिकायतें मिली है। जिसमें रोड मरम्मत एवं नाली निर्माण कार्य शामिल हैं। इसी प्रकार जल विभाग के 20 शिकायत मिली है। जिस पर नपाध्यक्ष ने संबोधित विभाग प्रभारी को जहां जहां नल कनेक्शन है उसके आसपास बने चैम्बर को लेबलिंग करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा तीन ऐसे हैण्ड पम्प हैं जो पूरी तरह से ड्राय हो चुका है। उसे बंद करने को कहा गया। साथ ही वार्ड में मिले तीन सार्वजनिक नल कनेक्शन को भी बंद करने निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सफाई संबंधित शिकायत भी नागरिकों ने नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग से की है। नागरिकों ने बताया कि खाली पड़ी जमीन पर बरसात के दिनों में जल भराव के चलते जल जनित रोग फैलने का खतरा हमेशा बना रहता है। इसके अतिरिक्त मच्छर भी पनपने लगता है। इस पर नपाध्यक्ष स्वास्थ्य विभाग प्रभारी को खाली जमीन में मलबा डालने को कहा गया।

स्टेशन रोड स्थित आकाशिया होटल के बेस्टेज नाली में बहाने के कारण नालियों से सडऩ की बदबू की शिकायत नागरिकों ने नपाध्यक्ष से की है। नागरिकों ने बताया कि होटल से निकलने वाले खाद्य पदार्थ के बेस्टेज जूठन को नाली में बहा दिया जाता है। जिसके कारण आसपास के वातावरण में सडऩ की बदबू फैली होती है। इस पर नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने होटल संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी संचालक द्वारा बेस्टेज फैंकने की व्यवस्था नहीं करता है तो अर्थ दण्ड के अलावा कानूनी कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं।

नागरिकों ने नपाध्यक्ष को बताया कि बहुत से ऐसे विद्युत पोल है जहां लाइट बंद पड़ा है। नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने विभाग प्रभारी को जल्द से जल्द लाइट लगाए जाने को कहा है।


अन्य पोस्ट