महासमुन्द

दुल्हन ब्याह कर रास्ते से गुजरते बारातियों का पत्थर में तब्दील होने का रहस्य समेटे बरतियाभांठा गांव
01-Mar-2023 4:24 PM
दुल्हन ब्याह कर रास्ते से गुजरते बारातियों का पत्थर में तब्दील होने का रहस्य समेटे बरतियाभांठा गांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 मार्च।
महासमुंद जिले का गांव बरतियाभांठा पत्थरों को लेकर प्रसिद्ध है। इस गांव की जमीन में ऐसे-ऐसे पत्थरों का समूह है, जो आकार में बेहद बड़े हैं और मानव के आकार में हैं। लोगों का मानना है कि इस गांव के रास्ते से कोई बारात गुुजरा और श्राप की वजह से इसी स्थान पर 150 बाराती पत्थर में तब्दील हो गए। लोग तो एक पत्थर को दूल्हा और उसके पास के ही एक पत्थर को दुल्हन मानते हैं। कहा जाता है कि गांव का नाम बरतियाभांठा भी इसी वजह से पड़ा है। महासमुंद जिला मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर दूर बसना ब्लॉक के इस गांव के नामकरण का कोई निश्चित प्रमाण नहीं है। लेकिन आज भी ग्रामीण इस गांव के नामकरण और यहां के पत्थरों को लेकर कई रहस्यमयी कहानियां सुनाते हैं।

गांव के नाम बरतिया भांठा का पहला शब्द बरतिया का अर्थ छत्तीसगढ़ी में बाराती होता है और दूसरा है भांठा। भांठा का मतलब गांव का वह स्थान जहां कोई घर नहीं है आरै वह मैदान है। गांव के मैदान में, बाडिय़ों में, सडक़ों के किनारे बारातियों की तरह बहुत सारे तादात में मानव के समान आकृति वाले पत्थरों के कारण इस गांव का यह नाम पड़ा है। लगभग एक हजार की आबादी वाले इस गांव के बारे में कई रोचक और रहस्यमयी कहानियां प्रचलित हैं।

इस गांव के पीछे यह किवदंती है कि प्राचीनकाल में यहां ऋषियों का आश्रम हुआ करता था। एक बार आश्रम के पास एक बारात रात्रि भोज और विश्राम के लिए रुकी थी। ऋषियों ने बारातियों से भोजन का आग्रह किया। लेकिन बारातियों ने उनका अपमान किया। इससे क्रोधित होकर ऋषियों ने सभी बरातियों को पत्थर हो जाने का श्राप दे दिया।

यहां से जुड़ी एक दूसरी कहानी जुड़ी है कि ठाकुरों की एक बारात वापसी के समय यहां विश्राम करने के लिए रुकी थी। किसी गलती के परिणाम स्वरूप देवयोग से सभी लोग और वस्तुएं पत्थर की मूर्तियों में तब्दील हो गये। इसके कारण इस स्थान का नाम बाराती पत्थरों का स्थान या बरतियाभांठा पड़ा।

गांव के बुजुर्ग आज भी इन पत्थरों के अद्भुत कारनामों को बड़े उत्साह से सुनाते हैं। कहते हैं कि पहले इन पत्थरों से कराहने की आवाजें आती थीं। सुबह-शाम रहस्यमयी सुगंध आया करती थी। प्रतीकात्मक रूप में आज भी ग्रामवासी अपने ग्राम-देवता ठाकुरदेव मानकर पत्थरों की पूजा करते हंै। ग्रामवासियों को भरोसा है कि ये पत्थर प्राकृतिक आपदाओं और महामारियों से गांव वालों की रक्षा करते हैं।

गांव वाले बताते हैं कि कोई व्यक्ति इन पत्थरों को उठाने या घर ले जाने की कोशिश करता तो उसे कोई न कोई बीमारी,हो जाती है और उसकी मौत हो जाती है। हालांकि  अब इस गांव के मैदान में पत्थरों के ईर्द-गिर्द अतिक्रिमण होने लगा है।
 


अन्य पोस्ट