महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 फरवरी। महासमुंद जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए अपने परिवार के सदस्यों के साथ राशन कार्ड, आधार कार्ड, शासकीय फोटो पहचान पत्र लेकर नजदीक के लोक सेवा केन्द्र अथवा सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जाएं और पंजीयन कराकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनायें। उन्होंने बताया है कि अब तक जिले में 7 लाख 35 हजार 693 लोगों का आयुष्मान कार्ड के लिये पंजीयन किया जा चुका है। 3 लाख 73 हजार 330 लोगों का पंजीयन किया जाना शेष है।
उन्होंने बताया है कि केन्द्र सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजनांतर्गत समाजिक, आर्थिक एवं जातीय जनगणना 2011 की चयनित श्रेणियों में सूचीबद्ध परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक की स्वास्थ्य सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही राज्य शासन द्वारा संचालित डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना का संचालन राज्य के खाद्य विभाग द्वारा जारी राशनकार्ड के आधार पर किया जा रहा है। जिसमें अन्त्योदय एवं प्राथमिकता राशन कार्डधारी परिवारों को 5 लाख रुपए तक एवं शेष एपीएल परिवारों को 50 हजार तक की स्वास्थ्य सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
आपके द्वार आयुष्मान अभियान के तहत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत पात्र परिवारों का लोक सेवा केन्द्रों च्वाइस सेंटरों, समस्त सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में नि:शुल्क पंजीयन किया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड परिवार के प्रत्येक सदस्य का अलग-अलग बनता है।
अत: जिन लोगों ने पूर्व में जिस लोक सेवा केन्द्र में अपना पंजीयन कराया है। उस लोक सेवा केन्द्र से पुन: बायोमेट्रिक ऑथेंटीकेशन उपरांत नि:शुल्क प्लास्टिक आयुष्मान कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। आयुष्मान कार्ड के लिये राशि की मांग किये जाने पर इसकी सूचना टोलफ्री नम्बर 104 पर दें।