महासमुन्द
बहुत पहले इस गांव में महामारी थी, गांव का गांव उजड़ गया था
अब भी यहां न मेला होता है न मड़ई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 फरवरी। महासमुंद जिले में एक गांव है, मुढ़ेना। इस गांव में बरसों पुराने रिवाज के चलते होलिका दहन नहीं किया जाता। हालांकि लोग एक-दूसरे पर रंग गुलाल लगाते हैं, फागुन गीत गाते हैं। गांव वाले कहते हैं कि कई सार पहले होली के आसपास ही इस गांव में महामारी फैली थी। हर रोज पांच छह लोगों की मौत हो जाती थी। कुछ लोग महामारी की शुरुआती दौर में ही अपने बाल बच्चों को लेकर गांव छोडक़र चले गए। गांव का गांव उजड़ गया था। तभी से इस गांव में कभी होलिका दहन नहीं होता।
इस दौरान न तो गांव होलाष्टक तैयार हुआ, न होलिका दहन हुआ और न ही किसी ने रंग गुलाल खेला। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। शमशान में हर रोज अपनों की लाशें जलती थी।
ग्रामीण बताते हैं कि होली त्योहार में गुलाल से सूखी और गीली होली खेली जाती हैं। नगाड़े बजाए जाते हैं। घरों मेवा मिष्ठान भी बनते हैं। महामारी में गांव से बाहर गए लोगों में से कुछ तो साल दो साल बाद वापस लौटे लेकिन कुछ लौटे ही नहीं। शुरुआती दौर में कुछ सालों तक रंग गुलाल भी नहीं खेले। फिर धीरे-धीरे बच्चों ने रंग गुलाल लगाने की परंपरा शुरू की लेकिन होलिका दहन को लेकर आज भी कोई तैयार नहीं होता।
आसपास गांवों के लोगों ने इस गांव का नाम कुंवारा गांव रखा है। पूछने पर पता चला कि इस गांव में छत्तीसगढ़ के अन्य गांवों की तरह मड़ई-मेला आदि का आयोजन भी नहीं होता। हां हफ्ते में एक बार बाजार जरूर लगता है। गांव की आबादी हजार भर से कम है। हफ्ते में एक बार बाजार लगने से आसपास गांवों के लोग साग-भाजी लेकर बेचने आते हैं। इस बाजार से लोग अपनी जरूरतों का सामान खरीदते हैं। गांव से बाहर के बाजारों में भी यहां के ग्रामीण जरूरत के सामानों की खरीददारी करते हैं।
इस गांव में होलिका दहन की रात सभी लोग एक जगह एकत्र होते हैं। पहले पुरुष ही एकत्र होते थे, अब महिलाएं भी शामिल होती हैं। फिर एक-एक कर सभी लोग अपने-अपने परिवार के दिवंगत सभी लोगों को याद कर उन्हें श्रध्दांजलि देते हैं और गांव देवता से गांव में रहने वाले सभी लोगों के कुशलता की कामना करते हैं। दूसरे दिन सुबह से फागुन गीत गाते हैं। एक दूसरे को गुलाल लगाकर भेंट-पायलगी करते हैं, और नहा धोकर दोपहर सभी एक दूसरे के घरों में बने मेवा मिष्ठान खाते हैं।