महासमुन्द

स्पर्श मात्र से कलेक्टर को पहचाना, दिव्यांग बच्चों को मिठाई, चॉकलेट ,स्मार्टफोन, ब्रेल किट दिया
24-Feb-2023 3:12 PM
स्पर्श मात्र से कलेक्टर को पहचाना, दिव्यांग बच्चों को मिठाई, चॉकलेट ,स्मार्टफोन, ब्रेल किट दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 फरवरी।
हाल ही में महासमुंद कलेक्टर निलेश क्षीरसागर फ ॉर्चून फ ाउण्डेशन समाज सेवी संस्था पहुंचे तो वहां अध्ययनरत दृष्टिबाधित बच्चे काफी खुश हुए। उन्होंने कलेक्टर को छू कर देखा। अपने एक स्पर्श मात्र से कलेक्टर को दिव्यांग बच्चों ने पूरी तरह पहचान लिया, उनकी आवाज पहचान ली। कलेक्टर भी इन बच्चों की भावनाओं के साथ जुड़े और उन्हें मिठाई, चॉकलेट, एक स्मार्टफोन, 6 ब्रेलकिट सौंपा।

गौरतलब है कि इन बच्चों ने अपनी आंखों से दुनिया नहीं देखा। ये दृष्टिबाधित बच्चे खुद के करीब कलेक्टर को पाकर ऐसे खुशी से उछले कि देखने वालों की आंखें भर आई। बच्चों ने अपने हाथों से स्पर्श करके उनका अभिवादन किया। महासमुंद कलेक्टर फॉर्चून फ ाउण्डेशन समाज सेवी संस्था के करमापटपर बागबाहरा खुर्द में दृष्टिबाधित विद्यार्थियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मिठाई और चॉकलेट दी। साथ ही संस्था में अध्ययनरत दृष्टिबाधित छात्रों को एक स्मार्टफोन, 4 स्मार्ट केन के साथ ही 6 ब्रेल किट सौंपी। सभी छात्र आधुनिक सामग्री पाकर बहुत खुश हुए।

संस्था के अध्यक्ष निरंजन साहू ने कलेक्टर का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एसके टंडन, उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह, तहसीलदार रमेश कुमार मेहता, सीईओ जनपद जीआर बरिहा और संस्था के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर क्षीरसागर ने इन बच्चों से मुलाकात के बाद कहा कि दृष्टिबाधित बच्चे दृष्टि या दृष्टि संबंधित किसी समस्या से पीडि़त होते हैं। लेकिन उन्हें सही उपकरणों एवं प्रशिक्षणों के साथ सुविधाएं मिले, तो वे पढ़ लिख कर अपनी क्षमता विकसित कर सकते हैं। ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए ब्रेल, बड़े प्रिंट, सहायक उपकरण, स्पर्श पुस्तकें और श्रवण पुस्तकें काफी उपयोगी होती हैं। इसलिए इनके लिए ब्रेल प्रिंट वाली किताबें ही खरीदनी चाहिए। इसके हर पृष्ठ पर ब्रेल और मुद्रित पाठ दोनों हों।

कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं के पढ़ाई-लिखाई में उपयोग होने वाली ब्रेललिपि के संबंध में रुचि लेकर जानकारी ली। उन्होंने छात्रों के स्पेशल लर्निंग और कम्प्यूटर कक्ष आदि की भी जानकारी ली। अभी हाल ही में संस्था के इन छात्रों ने पैरा एथलेटिक्स में सफलता हासिल की है। कलेक्टर ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मालूम हो कि संस्था की गतिविधियां जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

फ ॉर्चून फाउण्डेशन समाज सेवी संस्था के अध्यक्ष निरंजन साहू ने बताया कि महासमुंद कलेक्टर को संस्था में आने के लिए निमंत्रण दिया गया था। व्यस्त दिनचर्या में वे समय निकालकर संस्था आए। वर्तमान में फ ॉर्चून फाउण्डेशन समाज सेवी संस्था में 68 दृष्टिबाधित बच्चे रहते हैं। जिन्हें 1 से 12 वीं तक की शिक्षा ब्रेललिपि से नि:शुल्क दिया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग के अलावा समाजसेवा से जुड़े लोगों से भी इन्हें बढिय़ा सहयोग मिलता है।
 


अन्य पोस्ट