महासमुन्द
कहा-तेरा तुझको अर्पण की भावना रख किया, ताकि पीढिय़ां कुछ सीख सकें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 फरवरी। महासमुंद के अनंत कुमार प्रधान और उनकी पत्नी सुरेखा प्रधान महासमुंद मेडिकल कॉलेज में अपना देहदान कर रहे हैं। इसके लिए गुरुवार को उन्होंने फार्म भर दिया है। उन्होंने फोन पर इसकी जानकारी दी और कहा कि परिवार वाले मान गए हैं। पहले सभी ने इसका विरोध किया था। मैंने कहा कि मरने के बाद इस शरीर का क्या करोगे? सभी का जवाब था कि जला देंगे। इसके बाद सभी को समझाया और अंत में सभी मान गए।
अनंत कुमार ने बताया कि पत्नी सुरेखा भी अपने शरीर का दान करना चाहती थी। इसलिए हम दोनों ने मेडिकल कालेज महासमुंद को अपना देह दान कर दिया है। मृत्यु के बाद जिला अस्पताल की टीम हमारे शरीर को कालेज तक पहुंचा देगी। हमारे शरीर के जरिए नए डाक्टर कुुछ सीख सकेंगे। हम छत्तीसगढ़ अखबार पढ़ते रहे हैं। इसके संपादक के पिता ने देहदान किया था। अत: हम भी तेरा तुझको अर्पण की भावना के साथ देहदान कर चुके हैं। कहते हैं-महासमुंद मेडिकल कालेज में पढऩे वाले युवा डॉक्टर मानव शरीर की जटिलताओं को समझकर लोगों का बेहतर इलाज कर सकेंगे।