महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 फरवरी। वार्ड 24 में पार्षद निधि से निर्मित रंगमंच का पार्षदों की मौजूदगी में नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने फीता काट कर उदघाटन किया। नागरिकों की आवश्यकताओं को देखते हुए सुभाष नगर वार्ड नंबर 24 में निर्मित रंगमंच का उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड के पार्षद पवन पटेल ने की। विशेष अतिथि के रूप में सभापति व पार्षद निखिलकांत साहू, मंगेश टांकसाले मौजूद थे।
नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने विधिवत पूजा अर्चना के बाद फ ीता काटकर रंगमंच का उदघाटन किया। इस मौके पर नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने कहा कि शहर विकास हमारी प्राथमिकता है। साथ ही हमें नागरिकों की सुविधाओं का भी ध्यान रखना होता है। उन्होंने कहा यह रंगमंच लोगों के छोटे मोटे कार्य में उपयोगी साबित होगा। इसके अलावा तीज त्यौहार पर रंगमंच की आवश्यकता होती है। खासकर दीपावली के पहले मनाई जाने वाली गौरा गौरी पूजन के लिए रंगमंच बहुत ही जरूरी होता है। इस दौरान नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने भूपेश बघेल की सरकार द्वारा सभी वर्गों के लिए योजनाओं का जिक्र किया। इस अवसर पर लता कैलाश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थे।