महासमुन्द

बम्हनी हत्याकांड का दो साल बाद खुलासा
19-Feb-2023 2:46 PM
बम्हनी हत्याकांड का दो साल बाद खुलासा

दूसरी महिला के लिए कर दी पत्नी की हत्या

हत्या के 20 दिन पहले पत्नी का बीमा कराया था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 फरवरी।
महासमुंद पुलिस ने दो साल पहले ग्राम बम्हनी में हुई हत्याकाण्ड का खुलासा कल शाम को किया।
मालूम हो कि ग्राम बम्हनी में लगभग दो साल पहले 26 मार्च 2021 की देर शाम संतोषी यादव नाम की 50 वर्षीय महिला की किसी ने धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। तभी से कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। कल शाम साढ़े पांच बजे इस हत्याकांड में महिला के पति को जेल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का अन्य महिला से अवैध संबंध था और यही हत्या की वजह बन गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का गांव के अन्य महिला से अवैध संबंध था। वह अपनी पत्नी को रास्ते से हटाकर उससे शादी करना चाहता था। उसने सोचा कि क्यों न हत्या से पहले पत्नी का जीवन बीमा करा ली जाए। उसकी मौत के बाद मिले पैसे से बढिय़ा गुजारा हो जाएगा। अत: उसने घटना के 20 दिवस पूर्व ही अपनी पत्नी संतोषी का 16 लाख का टर्म लाईफ  इंशोरेन्स कराया। इसके बाद 26 मार्च 2021 को ग्राम बम्हनी में ही संतोषी बाई उम्र 50 साल की हत्या की सूचना पर थाना कोतवाली महासमुंद में अपराध क्रमांक 112-2021 धारा 302 भादवि पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया। लेकिन अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर ही था।

पदस्थ होते ही पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने पूर्व लंबित आपराधों के निकाल हेतु महासमुंद जिले के समस्त थाना चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया था। लिहाजा थाना सिटी कोतवाली महासमुंद ने उक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया। पुलिस टीम ने मृतका संतोषी यादव से जुड़ी हुई छोटी-छोटी जानकारी, परिवार संबंधी, भूमि बंटवारा,प्रेम संबंध एवं पारिवारिक निजी जीवन के सबंध में जानकारी एकत्रित किया।


विवेचना के दौरान पता चला कि मृतिका के पति परमानंद यादव का गांव की ही एक अन्य महिला के साथ लंबे समय प्रेम सबंध है । जिसकी जानकारी मृतिका को होने पर वह आये दिन अपने पति को इस संबंध में रोक-टोक करती थी। इसी वजह से मृतका एवं आरोपी के बीच आये दिन झगड़ा विवाद होता था। विवाद से परेशान होकर आरोपी ने मृतका की हत्या करने की सोची।

इसी दौरान आरोपी को एलआईसी एजेन्ट से ज्ञात हुआ कि यदि किसी व्यक्ति की टर्म लाईफ  इंशोरेन्स हो तो मृत्यु के बाद नॉमिनी व्यक्ति को पैसा मिलता है। जानकारी होने पर आरोपी ने मृतका के नाम से घटना के 20 दिवस पूर्व ही 8-8 लाख रुपए के दो टर्म लाईफ इंशोरेन्स कराया। घटना दिनांक 26 मार्च 2021 को आरोपी सहकारी बैंक महासमुंद से डियूटी कर शाम को महासमुंद से ग्राम बम्हनी गया। रोड किनारे अंधेरे में अपने मोटर सायकल को खड़ा कर घर में प्रवेश किया। घर में मृतका रोटी बना रही थी। इसी दौरान रसोई में जाकर हत्या करने नीयत से आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से संतोषी यादव के शरीर में लगातार वार किया और वहां पड़े गमछे के टुकड़े से हाथ और चाकू पोंछकर पीछे के दरवाजे से भाग निकला।

पत्नी की हत्या के बाद उसने अपने आप को महासमुंद में होना दिखाने के लिए अपनी मोटर सायकल से बम्हनी से महासमुंद की ओर निकला। जाते समय रास्ते में हत्या में प्रयुक्त चाकू को फेंक दिया। रास्ते में ही उसके पास उसके छोटे भाई का फोन आया तो उसने अपने आप को महासमुंद में होना बताया।

इसके बाद आरोपी अपने भाई के घर रमनटोला महासमुंद गया और वहां से अपने भाई के साथ वापस अपने घर ग्राम बम्हनी आय। आरोपी परमानंद यादव उम्र 55 वर्ष साकिन वार्ड न. 7 बम्हनी थाना महासमुंद के विरूध्द अपराध घटित करना सबूत पाये जाने से आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल को जप्त किया गया है। थाना महासमुंद में आरोपीं के विरूध्द अपराध धारा 302 भादवि के तहत् कार्रवाई की गई है।
 


अन्य पोस्ट