महासमुन्द
महासमुंद, 17फरवरी। महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के इतिहास विभाग ने गुरूवार को प्राचार्य डॉ अनुसूया अग्रवाल के संयोजन में पीएससी कोचिंग के अंतर्गत प्रारंभिक परीक्षा उपरांत महाविद्यालय में मुख्य परीक्षा हेतु विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। डॉ प्रणीता पांडेय विभागाध्यक्ष इतिहास ने विद्यार्थियों को जानकारी दी कि पीएससी की मुख्य परीक्षा में उत्तर लेखन कैसे किया जाता है?
उन्होंने शब्दों की कसावट एवं महत्वपूर्ण तथ्यों को उत्तर में लिखने कहा। उन्होंने कहा कि उत्तर लेखन की प्रैक्टिस जरूरी है। जब तक बार-बार प्रश्नों का उत्तर नहीं लिखेंगे तो गुणवत्ता उत्तर में नहीं आ पाएगी। इसलिए पढऩे के साथ लिखने का भी अभ्यास जरूरी है। इस अवसर पर राजदीप साहू पूर्व अतिथि व्याख्याता भूगोल जिन्होंने अभी प्रारंभिक परीक्षा दिलाई है एवं मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, कहा कि पाठ्यक्रम के अनुसार अध्ययन एवं पूर्व वर्षों के प्रश्न पत्र हल करने से भी विद्यार्थियों को लाभ मिलता है।
गणित का सामान्य अध्ययन बहुत जरूरी है। क्योंकि हर परीक्षा में गणित से प्रश्न पूछे जाते हैं।
मृणाली चंद्राकर अतिथि व्याख्याता इतिहास ने भी इतिहास विषय का अध्ययन किस प्रकार करना है, नोट्स कैसे बनाने हैं एवं उसे लिखना कैसे हैं इस बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षा में आने वाले दिक्कतों से संबंधित प्रश्न पूछा एवं उनका समाधान किया। इस अवसर पर प्रज्ञा ठाकुर, श्रद्धा साहू, मनोहर सोनवानी, हीरा साहू, लालू सोनवानी इत्यादि विद्यार्थी उपस्थित थे।