महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 फरवरी। गुरूवार को पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे, यातायात महासमुंद में पदस्थ समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की एक बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में हुई। जिसमें यातायात बल से अपील की गई कि शहर के चौक चौराहों में पॉइंट ड्यूटी करते समय या फिर वाहन चेकिंग ड्यूटी के दौरान आम नागरिकों से सभ्यता से व्यवहार करें। साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, समझाने का प्रयास करें।
बैठक में निर्देश दिए गए कि महासमुंद शहर में स्थित विभिन्न स्कूलों एवं कालेजों के सामने यातायात संबंधी स्टॉपर लगाई जाए। ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय दुर्घटना निर्मित न हो। यातायात प्रभारी को सप्ताहिक चार्ट बनाकर प्रतिदिन अलग-अलग यातायात नियमों जैसे शराब पीकर वाहन चलाने वाले, तेज गति से वाहन चलाने वाले, नाबालिक वाहन चालक, दोपहिया वाहन में तीन सवारी बैठाने वाले, बगैर हेलमेट वाहन चलाने वााले, मालवाहक गाड़ी में सवारी बिठाने वाले, बिना नंबर के वाहन चलाने वाले, ओवरलोड वाहन चलाने वााले, स्टंट बाइकर्स पर कार्रवाई करने के अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करने कहा गया।