महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 फरवरी। महासमुंद पुलिस ने पीडीएस चावल का अवैध परिवहन कर रहे आरोपी को हिरासत में लिया है। घटनास्थल बीज निगम के पास मेन रोड ग्राम बोंदा है। जहां 60 बोरियों में 50 हजार रुपए कीमती 3 हजार किलो पीडीएस का चावल पिकअप वाहन में परिवहन किया जा रहा था।
मालूम हो कि पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे, एसडीओपी सरायपाली अभिषेक केशरी के मार्गदर्शन में अपराध एवं अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मुहिम जारी है। इसी क्रम में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को जिले में पीडीएस चावल की अवैध बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने हेतु निर्देशित किया गया था। थाना सरायपाली के थाना प्रभारी आशीष वासनिक को 11 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में पीडीएस चावल का अवैध परिवहन कर बेचने के लिए सरायपाली की ओर आ रहा है।
सूचना तस्दीकी के लिए निकली टीम ने मेन रोड ग्राम बोंदा में उक्त पिकअप वाहन को रोककर पूछताछ किया। आरोपी चालक ने अपना नाम पता तुकाराम पटेल, उम्र 30 वर्ष, साकिन मोहदा थाना सरायपाली बताया है। आरोपी के कब्जे से अवैध रूप से परिवहन करते 60 बोरियों में भरा पीडीएस चावल 3 हजार किलो एवम पिकअप वाहन बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम का पाए जाने से थाना सरायपाली में अपराध दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक डोलामणि भोई, आरक्षक योगेंद्र बंजारे कमल जांगड़े, मानवेंद्र ढीढ़ी एवं समस्त थाना स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।