महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 फरवरी। जिला परिवहन अधिकारी महासमुंद ने कल रविवार को सांकरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली में संचालित स्कूलों की बसों का शिविर लगाकर निरीक्षण किया। उच्चतम न्यायालय की गाइड लाइन में परिवहन विभाग के निर्देशानुसार द्वारा लगाए शिविर में 38 स्कूल बसों का जांच निरीक्षण किया गया। जिला परिवहन अधिकारी रामकुमार ध्रुव ने बताया कि जांच में 33 स्कूल बसों को वाहन मोटर नियमों के तहत सही पाया गया। वहीं 5 स्कूल बसों में मापदंड के अनुसार ख़ामियां थी। तीन बसों की फिटनेस वैधता समाप्त और दो स्कूल बसों वैध लायसेंस दस्तावेज नहीं होने पर सम्मन शुल्क के रूप में 18 हजार रुपए आनलाइन चालान अधिरोपित किया गया। संबंधित स्कूल संचालकों को नियमानुसार आवश्यक ख़ामियां दूर करने के निर्देश दिए गए।
चिकित्सकों ने स्कूल बसों के चालक परिचालकों के स्वास्थ्य, नेत्र परीक्षण किया। स्कूल बस निरीक्षण शिविर में परिवहन उप निरीक्षक आशुतोष साहू, भूषण ध्रुव, सहायक प्रोग्रामर अमित पाटिल सहित अन्य स्वास्थ्य एवं जिला परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।