महासमुन्द

भलेसर में विवाह समारोह में ढेड़हीन बनने-बनाने को लेकर मारपीट
11-Feb-2023 2:56 PM
भलेसर में विवाह समारोह में ढेड़हीन बनने-बनाने को लेकर मारपीट

मामला सिटी कोतवाली तक पहुंचा, विवेचना जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी।
जिला मुख्यालय के नजदीकी गांव भलेसर में बेटी की विवाह समारोह में ढेड़हीन बनने-बनाने को लेकर जमकर मारपीट हुई। जानकारी मिली है कि शादी वाले परिवार ने अपने भांजी को ढेड़हीन बनाया था। चुलमाटी-तेलमाटी के बाद मायन के दिन बारात आना था। बाराती गांव भी पहुंच गए। तब तक का सारा नेंग ढेड़हीन बनी भांजी ही पूरी करती रही। अब, जब बारात स्वागत की तैयारी चल रही थी, विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे एक मेहमान ने ढेड़हीन को लेकर आपत्ति जताई।
शादी वाला परिवार अपनी भांजी को ढेड़हीन बनाने को लेकर अड़ा रहा लेकर आरोपी ने एक नहीं माना और परिजनों से मारपीट करने लगे। यह मामला थाने तक पहुंचा और सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस को दिए आवेदन में प्रार्थी मन्नू लाल ओगरे ने लिखा है, मैं ग्राम भलेसर में रहता हूं। खेती किसानी का काम करता हूं। अभी 7 फरवरी को मेरी भतीजी की शादी थी। बाराती घर में पहुंच चुके थे। घर में बहुत से मेहमान भी आये हुए थे। शादी मेहमानों में मैंने अपने भांजा अमरदास लहरे को भी निमंत्रण दिया था। वह भी शादी में आया था। रात्रि करीब 11.30 बजे बराती को परघाने की तैयारी थी।

इसी बीच अमर दास लहरे ने कहा कि ढेड़हीन किसे बनाओगे? मैंने अपनी बड़ी भांजी को बनाउंगा कहा तो वह मुझे मेहमानों के सामने गालियां देने लगा। मना करने पर अमरदास ने मुझे हाथ मुक्के से मारपीट की है। जिससे मुझे बांये गाल में तथा झगड़ा देखकर बीच बचाव करने आये मेरे पुत्र सुखचंद ओगरे को भी धारदार वस्तु से उसके मुंह में मारने से ओठ में चोटें आई है। घटना को ललित कुर्रे, मन्नू लाल टंडन, दानी टंडन ने देेखा और सुना है। रात्रि अधिक होने के कारण से तथा घर में बराती आने के कारण मैं तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका। आज रिपोर्ट करने आया हूं, रिपोर्ट करता हूं, कार्रवाई की जावे।
 


अन्य पोस्ट