महासमुन्द
कहा-निर्दोषों को 1 माह से जेल में बंद रखना न्यायोचित नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 फरवरी। गुुरुवार को स्थानीय लोहिया चौक में सर्व हिन्दू समाज के बैनर तले नारायणपुर में ईसाई मिशनरियों द्वारा अनुसूचित जनजाति के श्रेणी में आने वाले ग्रामीणों पर प्राणघातक हमले का विरोध करते हुए एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान इस बात का भी विरोध हुआ कि निर्दोष जनजाति समाज के लोगों को विगत 1 माह से जेल में बंद रखना भी न्यायोचित नहीं हैं। मुख्य रूप से मंच पर जनजातिय मंच से चेतन ठाकुर, महिला महासभा अध्यक्ष उत्तरा प्रहरे, सर्व हिन्दू समाज के देवेन्द्र दुबे, भरत चन्द्राकर, मुन्नालाल साहू, विहिप के जिलाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल उपस्थित थे।
सर्वप्रथम प्रलय थिटे ने कहा कि संविधान द्वारा धर्म प्रचार की स्वतंत्रता का गलत अर्थ निकाला जा रहा है। धारा 25 के तहत हम सभी अपने-अपने धर्म को मानने के लिए स्वतंत्र हैं, परन्तु हम उनका प्रचार दूसरे धर्म के लोगों को मतांतरित करने के लिए नहीं कर सकते।
चन्दशेखर धु्रव ने कहा कि नारायणपुर की घटना वास्तव में ईसाई मिशनरियों द्वारा आदिवासियों की जमीन हड़पने एवं बस्तर के खनिज संसाधनों पर कब्जा करने के लिए है। इसमें विदेशी ईसाई मिशनरियों का हाथ है।
देवेन्द्र दुबे ने कहा कि वास्तव में हम सभी हिन्दुओं को एक होने की आवश्यकता है। ईसाई मिशनरियां पैडवर्कर के रूप में करोड़ों रुपया भारत में राज करने के लिए लगा रही है।
सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष भीखम ठाकुर ने कहा कि हमारी कमजोरियों का फायदा उठाकर, ईसाई मिशनरियां बड़ी आसानी से हमारे समाज के लोगों का मतांतरण कर रही है।
भरत चन्द्राकर ने कहा कि आस-पास के सभी गांवों में पादरियों की फौज आ गई है। हमें सजग रहना होगा। नहीं तो वह दिन दूर नहीं है, कि हम अपने ही देश में अल्पसंख्यक हो जाएं। अंत में आभार प्रदर्शन चेतन ठाकुर ने तथा मंच संचालन कुबेर यदु एवं भैरव पाल ने किया।