महासमुन्द

जांच में दोषी पंचायत सचिव को चेतावनी देकर छोड़ा, मंत्रालय से अब दोबारा जांच के आदेश
08-Feb-2023 3:55 PM
जांच में दोषी पंचायत सचिव को चेतावनी देकर छोड़ा, मंत्रालय से अब दोबारा जांच के आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 फरवरी।
पंचायत विभाग के जिम्मेदार जांच अधिकारियों ने जांच में दोषी कर्मचारी को चेतावनी देकर छोड़ा तो मंत्रालय ने दुबारा जांच के आदेश दिए हैं। दोषी के विरूद्व कार्रवाई नहीं होने से आवेदक ने उच्च स्तरीय शिकायत करके दोबारा जांच की मांग की थी। जिस पर  अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग कार्यालय के निर्देश से इस प्रकरण की पुन: जांच करके कार्रवाई करने कहा गया है।

गौरतलब है कि आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने जनसूचना अधिकारी ग्राम पंचायत दुरूगपाली जपं बसना में सूचना का अधिकार के तहत 14 वित्त योजना से संबंधित जानकारी चाहा था। सचिव ने दस्तावेज शुल्क 75 रुपए की मांग की। आवेदक ने दस्तावेज शुल्क जमा कर दिया। उसके बाद भी सूचना दस्तावेज नहीं मिलने पर छ.ग. राज्य सूचना आयोग में शिकायत की। इस बार आवेदक को 100 दिन के बाद सूचना दस्तावेज तात्कालीन सचिव ने उपलब्ध कराया। जिसमें मुख्य सूचना आयुक्त ने धारा 20(2) के तहत नियमानुसार जांच करके आवश्यक होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया है।

इसके साथ ही आवेदक ने सचिव छ.ग. शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 22 जुलई 2022 को भी लिखित शिकायत करके जांच की मांग की थी। जांच में शिकायत सही पाया गया। लेकिन महेश ओगरे सचिव ग्राम पंचायत दुरूगपाली के विरूद्व कार्रवाई ना हो। इसलिए जांच प्रतिवेदन के अभिमत में सिर्फ चेतावनी पत्र जारी करने की अनुशंसा की गई। उक्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर सीईओ जिला पंचायत महासमुंद ने 10 अगस्त 2022 को महेश ओगरे सचिव को सिर्फ चेतावनी पत्र जारी करने का निर्देश दिया। इसके साथ सीईओ ने लेख किया है कि संबंधित सचिव के द्वारा यदि भविष्य में उपरोक्त कृत्यों की पुनरावृत्ति होगी, तो छ.ग. पंचायत सेवा(अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उक्त जांच प्रतिवेदन एवं आदेश के विरूद्व आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 1 दिसंबर 2022 को शिकायत दर्ज कराया। आवेदन में पुन: निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच करने का मांग किया।
 प्रकरण की गंभीरता को ध्यान में रखकर अपर मुख्य सचिव कार्यालय से 14 दिसंबर 2022 को संचालक पंचायत संचालनालय को पत्र भेजा गया है। जिसमें 20 दिसंबर 2022 से पूर्व इस विभाग को तथ्यामक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। संयुक्त संचालक पंचायत संचालनालय छ.ग. ने 27 दिसंबर 2022 को सीईओ जिला पंचायत महासमुंद को इस प्रकरण की पुन: तथ्यात्मक बिन्दुवार जांच उपरान्त आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये हंै।      
 


अन्य पोस्ट