महासमुन्द
कार्रवाई की मांग को लेकर कर्मचारी कल्याण संघ ने सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 फरवरी। छग परिचारिका कर्मचारी कल्याण संघ ने मेडिकल कॉलेज महासमुंद की डीन पर दुव्र्यवहार करने की शिकायत की है। उन्होंने संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर से कार्रवाई की मांग करते ज्ञापन सौंपा है। छग परिचारिका कर्मचारी कल्याण संघ की अध्यक्ष मीना तारण सहित संगीता मालेकर, धनेश्वरी ठाकुर, सविता कन्नौजे ने कल मंगलवार को संसदीय सचिव निवास पहुंचकर संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज महासमुंद की डीन डॉ.यास्मीन खान जिला अस्पताल के कर्मचारियों के साथ पक्षपात करते हुए दुव्र्यवहार करती हैं। मेडिकल कॉलेज संचालित होने के बाद मेकाहारा अस्पताल रायपुर से 31 नर्सिंग सिस्टर आये हंै। मेडिकल कॉलेज बनने से मरीजों की संख्या भी बढ़ गयी है। प्रमोशन से आये नर्सिंग सिस्टर उन्हें मदद करने के लिए कहते हैं तो उनका कहना है कि हम पैसे देकर आये हैं, हम काम नही करेंगे। हम उनको कहते हैं कि जब तक मेडिकल कॉलेज के और स्टाफ नहीं आ जाते तब तक 3 शिफ्ट में ड्यूटी करें लेकिन वे मना करती हैं। जब हम अपनी समस्या लेकर मेडिकल कॉलेज महासमुंद की डीन के पास गये और उन्हें सारी समस्या के बारे में जानकारी दी, तो मेडिकल कॉलेज के मैट्रन सिस्टर के सामने हमें डांट कर चुप करा कर अमर्यादित टिप्पणी करते हुए नौकरी से निकलवाने की धमकी देती हैं। उनके ऐसे दुव्र्यवहार किए जाने से सभी कर्मचारी परेशान हैं। उन्होंने डीन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने उचित कार्रवाई के लिए शासन का ध्यानाकर्षित कराने का आश्वासन दिया है।