महासमुन्द

देवपुर-सोनाखान के जंगलों में दो बायसन व एक नीलगाय की मौत
18-Jan-2023 7:23 PM
देवपुर-सोनाखान के जंगलों में दो बायसन व एक नीलगाय की मौत

बायसन का उम्रदराज होना, नीलगाय की सडक़ किनारे लगी कंटीली तार में फंसने से मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 18 जनवरी। समीप के वन परिक्षेत्र देवपुर एवं सोनाखान में दो बायसन एवं एक नीलगाय की मौत हो गई। मौत का कारण बायसन का उम्रदराज होना एवं नीलगाय का सडक़ किनारे लगी कंटीली तार में फंसने को बताया जा रहा है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार वन मंडल में विगत 2 दिनों के अंदर तीन वन्य प्राणियों की मौत की खबर है। जिसमें दो बायसन व एक नीलगाय शामिल है। वन विभाग द्वारा तीनों वन्य प्राणियों का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

विभागीय जानकारी के अनुसार कल देवपुर परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 271 देलका डबरी में एक बायसन मृत पाया गया था एवं आज सोनाखान परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 262 फरफूंदी झालपानी की पहाड़ी में एक बायसन मृत पाया गया।

घटना के बाद वन विभाग द्वारा कसडोल के पशु  चिकित्सक को बुलाकर पोस्टमार्टम करवाया गया। पशु चिकित्सक डॉ. लोकेश वर्मा के अनुसार दोनों बायसनों की मौत बीमारी व उम्र अधिक होने कारण हुई है। पोस्टमार्टम के बाद घटनास्थल पर ही वन अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।

कंटीली तार में फंसी नीलगाय

एक अन्य घटना में समीप के बार क्षेत्र के ग्राम रामपुर के कक्ष क्रमांक 127 में रामपुर सडक़ किनारे लगे फेंसिंग तार में फंसने से नीलगाय की मौत हो गई, उसका भी पंचनामा एवं पोस्टमार्टम करवाकर घटनास्थल के समीप ही अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।


अन्य पोस्ट