महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 जनवरी। महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टेबलेट एवं इंजेक्शन का तस्करी करते तीन अंतर राज्यीय आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट व इंजेक्शन बरामद हुए हैं। उक्त कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली एवं सायबर सेल द्वारा संयुक्त रूप से की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर क्षेत्र रायपुर शेख आरिफ हुसैन के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह ने जिले की पुलिस को मादक पदार्थों के विरूद्ध अभियान चलाने नारकोटिक्स सेल का गठन किया है। जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध नशीली एवं मादक पदार्थों की रोकथाम एंव कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। इसी क्रम में सायबर सेल की टीम एवं थाना पुलिस स्टाफ की टीम ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, सिरप तथा मादक पदार्थो की खरीदी-बिक्री एवं तस्करी करने वालों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
मामला बीते 10 जनवरी की है। मुखबिर से सूचना मिला कि तीन व्यक्ति एक बजाज डिस्कर मोटर सायकल में प्रतिबंधित नशीली दवाई बिक्री करने हेतु ओडि़शा से महासमुंद के रास्ते रायपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सायबर सेल एवं सिटी कोतवाली महासमुंद की टीम ने नाकेबंदी हेतु अम्बेडकर चौक महासमुंद पहुंचकर नाकेबंदी की। नाकेबंदी के दौरान ही बजाज डिस्कर मोटर सायकल में तीन लोग सवार होकर रायपुर की ओर जा रहे थे। इन्हें सायबर सेल एवं थाना कोतवाली की टीम ने रोककर पूछताछ की। आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम राजेश मिश्रा उम्र 26 वर्ष साकिन रतिपाली थाना नुआपाड़ा, भुवनेश्वर मांझी उम्र 26 वर्ष रुतिपाली नुआपाड़ा तथा डिगाम्बर साहू उम्र 21 वर्ष कल्याणपुर थाना जोंक खरियार रोड बताया।
पुलिस के अनुसार वाहन डिगाम्बर साहू चला रहा था। उसने मोटर साइकिल के हेन्डल में भूरे रंग की झोला रखा था। जिसमें प्रतिबंधित नशीली दवाईयां थी। नशीली टेबलेट एवं इंजेक्शन रखने संबंधित वैधानिक दस्तावेज उनके पास नहीं था। इस तरह संदेहियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवाई 1800 नग, इंजेक्शन 542 नग, 3 नग एड्राईड मोबाइल,1 नग पुराना बजाज मोटर साइकिल, जुमला कीमत 58 हजार 772 रुपए बरामद कर तीनों आरोपियों के विरूद्ध थाना महासमुंद में धारा 20 नारकोटिक्स एक्ट का मामला दर्ज किया। तीनों को न्यायालय मेंपेश करने केबाद जेल दाखिल किया गया है।