महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 जनवरी। छत्तीसगढ़ी साहित्य के कवि, साहित्यकार अयोध्यानगर निवासी बन्धु राजेश्वर खरे को अनवरत साहित्य सेवा के लिए 31वां अहीर नृत्य कला एवं छेरछेरा महोत्सव के अवसर पर 6 जनवरी को अहीर नृत्य कला परिषद बिलाससुर ने शाखा ग्राम देवरहट जिला मुंगेली में साहित्य कला सम्मान से सम्मानित किया है।
इस अवसर पर उन्हें परिषद के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मन्तराम यादव, वरिष्ठ साहित्यकार बुधराम यादव एवं सहयोगी सदस्यों ने परंपरागत अहीर वेशभूषा, पगड़ी, आस्किट व कलगी पहनाकर अभिनंदन पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेखनी शत्रुघन चन्द्राकर अध्यक्ष जिला पंचायत मुंगेली थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गा शंकर साहू सभापति जिला पंचायत मुंगेली ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महेन्द्र साहू कार्यक्रम अधिशासी आकाशवाणी बिलासपुर, ईश्वर यादव व सागर सिंह बैस उपस्थित थे।
मालूम हो कि छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और धरोहरों को अगली पीढ़ी के लिये संजोकर रखने के उद्देश्य से अहीर नृत्य कला परिषद बिलासपुर की स्थापना की गई है। परिषद द्वारा विगत 31 वर्षों से पौष पूर्णिमा के अवसर पर अहीर नृत्य कला एवं छेरछेरा लोकपर्व को महोत्सव के रूप में ग्राम देवरहट जिला मुंगेली में मनाया जाता है। इस अवसर पर अहीर नृत्य राऊत नाचा, कवि गोष्ठी, कवि.साहित्यकारों का सम्मान एवं लोक संस्कृति, लोक साहित्य संरक्षण व संवर्धन संबंधी लेखन स्मारिका रऊताही-कला का प्रकाशन किया जाता है।
इस वर्ष इंजीनियर ए के यदु, बन्धु राजेश्वर खरे के साथ ही वरिष्ठ साहित्यकार चेतन भारती रायपुर, हरिभूमि चौपाल के संपादक डॉ. दीनदयाल साहू, कहानीकार व रंगकर्मी रामकुमार वर्मा भिलाई का सम्मान किया गया। इसके पूर्व डॉ. विनय कुमार पाठक पूर्व अध्यक्ष छग राजभाषा आयोग के मुख्य आतिथ्य, बुधराम यादव की अध्यक्षता एवं डॉ. अजीज रफीक के संचालन में आयोजित कविगोष्ठी में आंचलिक कवियों ने कविता पाठ किया। इस अवसर पर आंचलिक राऊत नाचा दल, यादव समाज एवं ग्राम देवरहट सहित आसपास के ग्रामीण हजारों की तादाद में उपस्थित थे।