महासमुन्द
नपा के नियमित व प्लेसमेंट कर्मी बेमुद्दत हड़ताल पर, कामकाज ठप
एक-दो दिन में वेतन की व्यवस्था हो जाएगी-नपाध्यक्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जनवरी। तीन माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज महासमुंद नगर पालिका के 254 नियमित व प्लेसमेंट कर्मचारी 9 जनवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर हैं। लिहाजा नगरपालिका में वीरानी छाई हुई है। विभागीय सारे कामकाज ठप हैं। हालांकि सफाई और नल कर्मचारियों ने आज सुबह अपना योगदान दिया है, लेकिन अब आंदोलन में उनके भी शामिल होने की चर्चा तेज है।
नगरपालिका अधिकारी राशि त्रिभुवन महिलांग ने कहा है कि राज्य स्तर पर बात पहुंचा दी गई है। एक-दो दिन में वेतन की व्यवस्था हो जाएगी। आंदोलनरत कर्मचारियों को भी इस बाबत जानकारी दे दी गई है।
आंदोलनरत कर्मियों ने बताया कि बीते तीन माह से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ हुई है। दुकानों से उधार का राशन मिलना भी बंद हो चुका है। ठंंड में बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ रही है जिनके इलाज के लिए पैसा नहीं है। अब बच्चों के फीस का भार भी बहुत बढ़ गया है। तीन महीने पहले सीएमओ और नगरपालिका अध्यक्ष की बात मानकर काम चालू रखा था। उन्होंने नियत समय के तीन माह बाद भी वेतन का भुगतान नहीं किया। इसलिए अब आंदोलन का रास्ता ही बच गया है।
गौरतलब है कि तीन माह से वेतन नहीं मिलने से नगरपालिका के 254 कर्मचारी परेशान हैं। इन कर्मचारियों का लगभग डेढ़ करोड़ का भुगतान लंबित है। आक्रोशित कर्मचारियों ने कल से नगर की साफ सफाई कार्य को छोडक़र शेष सभी कार्य बंद कर दिए हैं। ये अनश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।
कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से नगर पालिका के दफ्तरों में वीरानी छाई हुई है। नगर पालिका कर्मचारियों का कहना है कि दो दिवस के अन्दर वेतन नहीं मिला तो 12 जनवरी से अति आवश्यक सेवाएं भी बंद कर देंगे।