महासमुन्द

महासमुंद मेडिकल कालेज में सिटी स्कैन मशीन का ले आउट फाइनल, स्वीकृति की प्रतीक्षा
09-Jan-2023 2:53 PM
महासमुंद मेडिकल कालेज में सिटी स्कैन मशीन का ले आउट फाइनल, स्वीकृति की प्रतीक्षा

सीटी स्कैन जांच सुविधा शुरू करने के लिए कोविडकाल के दूसरे वर्ष में ही अस्पताल प्रबंधन ने शासन को प्रस्ताव भेजा था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जनवरी।
महासमुंद मेडिकल कालेज में सीटी स्कैन मशीन के लिए सीजीएमसी ने स्थान तय कर लेआऊट तैयार कर लिया है, और इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया है। अब कालेज प्रबंधन को शासन की स्वीकृति की प्रतीक्षा है।
जानकारी अनुसार सीजीएमसी के लिए बीते माह निरीक्षण के लिए आई सीजीएमसी की टीम ने अस्पताल में स्थल का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में मशीन की स्थापना के लिए प्रथम तल स्थित भवन का अवलोकन किया था। टीम मशीन लगाने और रिकार्ड रूम के साथ कंट्रोल रूम के लिए आयुष विंग के पंचकर्म कक्ष को मशीन लगाने और फिजियोथेरेपी कक्ष को रिकॉर्ड रूम तथा पंचकर्म से लगे वाशरूम को कंट्रोल रूम मशीन आपरेट रूम के लिए चिन्हाकिंत कर इसका लेआऊट तैयार कर कॉलेज प्रबंधन को दिखा दिया है।

विभागीय जानकारी के मुताबिक सीजीएमसी द्वारा फाइनल ले आऊट तैयार कर स्वीकृति के लिए कॉलेज प्रबंधन को भेजेगी। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. बी महेश्वरी ने बताया कि सीजीएमसी ने स्थान तय कर निर्माण के लिए लेआऊट तैयार कर लिया है। फाइनल लेआऊट मिलने के बाद इसे स्वीकृत कर राज्य शासन को भेजा जाएगा। जिसकी स्वीकृति मिलते ही सिटी स्कैन कक्ष निर्माण की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।

बताया जा रहा है कि महासमुंद मेडिकल कालेज के लिए सिटी स्कैन मशीन की खरीदी डीएमएफ फंड से की जाएगी। बताया जाता है कि प्रदेश के कांकेर, कोरबा और महासमुंद मेडिकल कालेज के लिए सिटी स्कैन मशीन की खरीदी कोरबा डीएमएफ फंड से की जाएगी। मशीन के लिए शासन स्तर पर टेंडर प्रकिया हो चुकी है। ज्ञात हो कि जिला अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन जांच सुविधा शुरू करने की मांग कोविडकाल से हो रही थी। क्योंकि कोविड के मरीजों में संक्रमण की सही स्थिति का आंकलन सीटी स्कैन की जांच से होती रही। कई मरीजों की स्थिति खराब होने पर उनकी जांच रायपुर और यहां शहर के निजी अस्पतालों से कराया गया था।

जानकारी के मुताबिक सीटी स्कैन जांच सुविधा शुरू करने के लिए कोविडकाल के दूसरे वर्ष में ही अस्पताल प्रबंधन ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। इसी बीच एनएमसी की टीम ने भी कॉलेज की मान्यता के लिए जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था और अस्पताल मेें सीटी स्कैन जांच सुविधा पर जोर दिया था। बाद शासन की ओर से इसके लिए स्वीकृति दी गई और प्रक्रिया शुरूकी गई। चर्चा है कि अब मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन जांच शुरू होने से मरीजों की जांच सस्ते दर पर हो जाएगी और उन्हें निजी अस्पतालों में जाने की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।
 


अन्य पोस्ट