महासमुन्द
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी-आलोक
कफन-दफन से पहले मृत हाथी की पूजा हुई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जनवरी। विद्युत करंट लगने से 25 वर्षीय हाथी टस्कर एमई 5 की मौत के बाद छत्तीसगढ़ जीव जंतु कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष आलोक चंद्राकर घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने वन विभाग, वेटनरी विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में श्री चंद्राकर ने बताया कि हिरन, जंगली सुअर व अन्य वन्य प्राणियों के शिकार के लिए 11 केवी विद्युत लाइन में हुकिंग कर तार बिछाया गया था, जिसमें एक नर हाथी तार के सम्पर्क में आ गया और उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वन विभाग के खोजी कुत्ते वीरा ने संदेही को खोज कर लिया है, जिससे पूछताछ में आगे सभी बातें पता चलेंगी। इस कार्य में लिप्त सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल पहुंचकर आलोक चन्द्राकर व उपस्थित अधिकारियों ने मृत हाथी की पूजा की। उसे सफेद कपड़े ओढ़ाए और फूल चढ़ाकर दफन-मिट्टी का कार्य पूरा किया। श्री चंद्राकर ने वहां उपस्थित ग्रामवासियों से इन सभी गलत कार्यों से दूर रहने की अपील की। इस अवसर पर आलोक चंद्राकर के साथ राजेंद्र चन्द्राकर, पार्षद द्वय सलीम भाटी, के के साहू व वन विभाग के सभी उच्च अधिकारी, वेटनरी के सभी डॉक्टरों की टीम, वन विकास निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
महासमुंद, वनपरिक्षेत्र के अंतर्गत कोडार बांध के पास परसों रात टस्कर एमई 5 की मौत के बाद अब लोग वन मंडल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। महासमुंद-गरियाबंद-कसडोल क्षेत्र में शिकारियों के जाल में फं सने से यह चौथे हाथी की मौत है। शेड्यूल वन श्रेणी का प्राणी होने के बाद भी वन विभाग हाथियों को करंट से शिकार करने वाले शिकारियों से बचाने नाकाम रहा है। जिला मुख्यालय होने के बावजूद वन विभाग को महासमुंद परिक्षेत्र संभालने के लिए एक रेंजर नसीब नहीं है। लिहाजा विगत एक साल से यहां एक डिप्टी रेंजर को रेंजर के प्रभार में रखा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह जिस हाथी की लाश मिली उसे टस्कर एमई 5 के नाम से जाना जाता था। यह विशालकाय हाथी वन शिकारियों के जाल में फंस कर मारा गया। मृतक नर हाथी की उम्र 25 वर्ष बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक 6 जनवरी की सुबह दो हाथी गरियाबंद से होते हुए महासमुंद वनपरिक्षेत्र में पहुंचे थे। दोनों दंतैल हाथी में एक एमई 1 व दूसरा एमई 5 नाम का था। दोनों विचरण करते हुए सिरपुर की ओर जा रहे थे कि रात 9 बजे के आसपास दोनों दंतैल हाथी कोडार जलाशय से सटे हुए गांव के समीप वन विकास निगम के कक्ष क्रंमाक 854 से होते हुए कोडार नहर के ऊपर से सिरपुर की ओर आगे बढ़े।
कोडार नहर के ऊपर से ही 11 केवी का एक तार गुजरा है, जिसके तार में अज्ञात शिकारियों ने वन्य प्राणी के शिकार के लिए हुकिंग कर जीआई तार निर्मित्त फंदा लगाया था। जिसमें 11 के वी विद्युत प्रभावित था। रात में जैसे ही हाथी वहां से गुजरा, तार के चपेट में आ गया। तार से चिपकते ही वह जोर से चिंघाड़ा। तार के आपस में जुडऩे से वहां आग लग गयी। जिसे देख कर कुछ ग्रामीण वन रक्षक के साथ घटना स्थल की ओर गए। तब तक हाथी की मौत हो गयी थी।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में खिरसाली एवं किशनपुर में भी एक एक हाथी की मौत करंट लगने से हुई थी। इसके अलावा जिले के मुहाने पर स्थित कसडोल क्षेत्र के देवपुर वन परिक्षेत्र में भी एक हाथी की मौत दो माह पूर्व हुई थी। हालांकि हाथी की मौत की सूचना मिलने के बाद रायपुर से जीव जंतु विशेषज्ञ घटनास्थ पहुंचे थे और डाग स्चयड की मदद से शिकारी तक पहुंचने का प्रयास भी हुआ था। लेकिन अभी तक यह जानकारी नहीं मिली है कि विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की गई है।
(रविवार को टस्कर एमई 5 की मौतके महज 5 दिन पहले सूरजपुर जिले में 60 साल के हाथी सिविल बहादुर की मौत हो गई थी। वह प्रदेश का सबसे बुजुर्ग हाथी था। वह कई दिनों से बीमार चल रहा था। सूरजपुर में इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसकी जान चली गई। उसे सूरजपुर जिले के तमोर पिंगला रेस्क्यू सेंटर में रखा गया था। यहां उसका उपचार किया जा रहा था। रेस्क्यू टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी। कुछ समय कल उसके स्वास्थ्य में सुधार आया था, लेकिन बाद में उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया थी।)