महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जनवरी। छेरछेरा पुन्नी के अवसर पर ग्राम खट्टी व नवाडीह में डीजे डांस स्पर्धा का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के अनेक डांस टीमों ने हिस्सा लिया तथा अपनी प्रतिभा की प्रस्तुति दी। इस दौरान दोनों ग्रामों के आयोजन में बतौर विशेष अतिथि युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व नगर पालिका महासमुंद के लोक निर्माण विभाग सभापति निखिलकांत साहू शामिल हुए।
डांस स्पर्धा देखने सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। लोगों को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि छेरछेरा त्यौहार छत्तीसगढिय़ों के लिए सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। किसान भाई कृषि कार्य से निवृत्त होकर यह पर्व मनाते हैं। छेरछेरा के दिन दान करने की परंपरा है। जिसके तहत बच्चे, बड़े, बुजुर्ग सभी घरों में जाकर अन्न दान मांगते हैं। दानदाता भी खुशी-खुशी दान कर्म करते हैं। छत्तीसगढ़ के परंपरा को आगे बढ़ाने प्रदेश सरकार भी सतत कार्यरत है। इस महत्वपूर्ण पर्व पर ग्रामों में सांस्कृतिक कार्यक्रम करने से गांव में एकता व भाईचारा का प्रसार होता है। श्री साहू ने डांस स्पर्धा कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए छेरछेरा पुन्नी की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर श्री साहू के साथ रत्नेश साहू, वैभव मिश्रा, इंद्रजीत साहू, पवन साहू, साजिद खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।