महासमुन्द

हाथ जोड़ो अभियान, 26 से दो महीने तक बूथ-सेक्टर-जोन स्तर पर पदयात्रा निकालेगी कांग्रेस
08-Jan-2023 3:29 PM
हाथ जोड़ो अभियान, 26 से दो महीने तक बूथ-सेक्टर-जोन स्तर पर पदयात्रा निकालेगी कांग्रेस

महासमुंद, 8 जनवरी। महासमुंद जिला कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देशानुसार हाथ से हाथ जोड़ो अभियान अंतर्गत आगामी 26 जनवरी से दो महीने तक बूथ, सेक्टर और जोन स्तर पर पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा में राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और केंद्र सरकार के वादे और उसके खिलाफ  मोदी सरकार के निर्णय,  छत्तीसगढ़ में भाजपा के 15 वर्षों में किये गए आर्थिक अपराध, भ्रष्टाचार को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा का उद्देश्य व केंद्र सरकार द्वारा जनता के बीच मुद्दों को हटाकर सम्प्रदाय और धर्म के नाम पर विभाजन करने के परिणाम की जानकारी भी जाएगी।

डा. चंद्राकर ने आगे कहा है कि देश में मोदी सरकार प्रजातंत्रितक मूल्यों को अक्षुण रखने में असफल रही है। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के दौरान राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लोगों के बीच जिक्र करेंगे। योजना के हितग्राहियों से सीधी बात रखेंगे। इस दौरान उनसे योजनाओं के संबंध में रायशुमारी करेंगे। राज्य शासन के चार वर्ष के कार्यकाल का फीडबैक भी लेंगे। विधानसभा स्तर पर लोगों की रायशुमारी से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अवगत कराएंगे।

यह यात्रा महासमुंद जिले के चारों विधानसभाओं में 26 जनवरी से निकाले जा रहे हैं। इस यात्रा को सफल बनाने के लिए महासमुंद शहर से मंजीत सलूजा, महासमुंद ग्रामीण से महेन्द्र बाघ, झलप पटेवा अनंत वर्मा, हुलास गिरी गोस्वामी, सांकरा से आत्माराम यादव, बसना से दाऊलाल चंद्राकर, सरायपाली शहर से गणेश शर्मा, सरायपाली ग्रामीण से रुपेश गोयल, भंवरपुर से अजय नंद, छुईपाली से रंजीत कोसरिया, बागबाहरा से शहर बलविंदर सिंह सलूजा, बागबाहरा ग्रामीण मोहित ध्रुव, कोमाखान से गौरव चंद्राकर को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

डॉ. रश्मि ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम किया है। किसानों की आय में वृद्धि हुई है। छत्तीसगढ़ की कला को भारत में पहचान मिली है। कोरोना काल में भी सरकार ने लोगों की सेवा की है। डॉ रश्मि चंद्राकर ने कहा कि एक बात तो साफ हो गई कि बीजेपी यह मान चुकी है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का मुकाबला नहीं कर सकती है।
 


अन्य पोस्ट