महासमुन्द

चार महीने पहले अमलोर जंगल में हुए अंधेकत्ल का खुलासा, पत्नी-प्रेमी समेत चार बंदी
07-Jan-2023 3:07 PM
चार महीने पहले अमलोर जंगल में हुए अंधेकत्ल का खुलासा, पत्नी-प्रेमी समेत चार बंदी

इंस्टाग्राम की महिला मित्र से मिलने पहुंचा था युवक, हत्या की वजह त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जनवरी।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार महीने पहले अमलोर जंगल सिरपुर में हुए अंधेकत्ल का खुलासा किया है। शुक्रवार की शाम पुलिस अधीक्षक सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में श्री सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इस हत्या का वजह त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग है। पुलिस के मुताबिक पहले तो पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर योजनाबध्द तरीके से एक अन्य युवती से मृतक की इंस्टाग्राम पर दोस्ती कराई। उक्त युवती ने मृतक को जंगल में बुलाया और सब लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में मृतक की पत्नी, प्रेमी सहित अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार रविशंकर कमलवंशी साकिन महासमुंद घटना दिनांक 7 सितंबर 2022 को प्रात: साढ़े 10:30 बजे घर से रायपुर जा रहा हूं कहकर निकला था। वह रात्रि में घर वापस नहीं आया तो दूसरे दिन 7 सिंतबर को उसकी पत्नी विद्या कमलवंशी ने थाना कोतवाली में इसकी सूचना दी। वह खुद अपने पति रविशंकर कमलवंशी की तलाश करते सिरपुर गयी और सिरपुर में भी अपने पति के गुम हो जाने की सूचना देकर उनका खोजबीन करने लगी।

विद्या कमलवंशी सिरपुर क्षेत्र के झरना जंगल की ओर पति का तलाश करने गयी तो ग्राम अमलोर के आगे अमलोर जंगल में रविशंकर कमलवंशी की स्कूटी दिखी। नजदीक जाकर उसने देखा तो कुछ दूरी पर पत्थर के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में खून से लथपथ पड़ा था। उसके शरीर में कीड़े बिलबिला रहे थे। उसने काले रंग का टी-शर्ट, नीले रंग का जींस एवं जूता पहना हुआ था। उक्त व्यक्ति की पहचान गुम इंसान रविशंकर कमलवंशी के रूप में हुई।

मृतक के पिता कंवल सिंग कंवर साकिन ग्राम बिलारी की रिपोर्ट पर सिरपुर चौकी में मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया। पीएम रिपोर्ट एवं जांच पर परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार मामले में मृतक की मृत्यु हत्यात्मक प्रकृति पाये जाने से अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना तुमगांव में हत्या का मामला दर्ज कर अपराध की विवेचना शुरू हुई।

मामले की जांच जारी थी कि नव पदस्थ एसपी धर्मेंद्र सिंह के हाथ यह फाइल लगी। उन्होंने जांच विवेचना के दौरान जंगल में मृत रविशंकर कमलवंशी का शव छिन-भिन्न अवस्था में मिलने व घटनास्थल को देखने पर प्रथमदृष्या हत्या होने का आशंका की सूचना वरिष्ठ अधिकारी को दी। जिस पर पुलिस महानिरीक्षक रायपुर क्षेत्र रायपुर शेख आरिफ हुसैन के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने इस हत्या की जांच हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महासमुंद मंजूलता बाज के निर्देशन में चौकी सिरपुर एवं सायबर सेल टीम का गठन किया गया।

इस नई टीम ने अलग-अलग दिशाओं में कार्य करते हुए मृतक की परिवारिक दिनचर्या के बारे में जानकारी प्राप्त किया। पता चला कि मृतक रविशंकर कमलवंशी की पत्नी विद्या के साथ वैवाहिक जीवन कुछ अच्छा नहीं चल रहा था। आये दिन किसी न किसी बात को लेकर लड़ाई झगड़े होते रहते थे। डांच में इस बात का पता चला कि मृतक की पत्नी विद्या कमलवंशी ने पुलिस से कहा था कि रविशंकर कमलवंशी रायपुर जा रहा हूं कहकर घर सेनिकला था लेकिन वह उसे ढूंढने सिरपुर अमलोर जंगल की ओर क्यों गई थीं? मृतक की पत्नी का सिरपुर अमलोर जंगल की ओर जाना, शव प्राप्त कर पुलिस को सूचना देना, आकस्मिक प्रतीत नहीं हुआ तो टीम को अपने मुखबीर सूचना तंत्र से यह भी पता लगाया कि विद्या कमलवंशी घटना दिनांक के पूर्व भी किसी व्यक्ति के साथ अमलोर जंगल की ओर गई थी।

मृतक की पत्नी का बयान, घटनास्थल निरीक्षण पर टीम को विद्या कमलवंशी पर शक हुई तो पुलिस ने विद्या कमलवंशी की हिस्ट्री खंगाला। तब पता चला कि उसकी विक्रम उर्फ  विक्की साहू साकिन गिरौदपुरी थाना गिधौरी जिला बलौदाबाजार के साथ विवाह पूर्व से प्रेम संबंध है।

पुलिस ने विक्रम उर्फ  विक्की साहू को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया तो पहले तो उसने मृतक की पत्नी के साथ संबंध होने से इंकार किया। कड़ाई से सिलसिलेवार पूछताछ करने पर अतंत: टूट गया और बताया कि असनीद कसडोल में आईटीआई में पढ़ाई करने के समय विद्या कमलवंशी भी आईटीआई कर रही थी। वहीं दोनों की जान पहचान हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। विद्या कमलवंशी की शादी रविशंकर से हो गई और उसका एक बच्चा भी है। घटना से करीबन 9 माह पूर्व विक्रम और विद्या की बातचीत पुन: चालू हुई। इसी दौरान विद्या कमलवंशी ने अपने प्रेमी को इस बाबत जानकारी दी कि पति रविशंकर उसके साथ मारपीट करता है, उससे अलग होना चाहती है।

चूंकि विद्या एवं विक्रम दोनों में प्रेम संबंध था और विद्या को भी पति से परेशानी हो रही थी। लेकिन विद्या को अपने रविशंकर से तलाक लेने पर सम्पत्ति तथा अपना बच्चे से अलग होने का डर था। लिहाजा उसने पति से तलाक न लेकर उसे रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी विक्रम के साथ मिलकर योजना बनाई।  घटना 7 सितंबर  को विक्रम अपने साथी भास्कर के साथ मोटर सायकल एवं परी अपने स्कूटी से सिरपुर किले। रास्ते में परी को अमलोर जंगल में रविशंकर के साथ पहाड़ी के ऊपर लाने की बात हुई। विक्रम साहू, भास्कर पैकरा एवं परी तीनों कुहरी मोड़ पहुंचे और परी को वहीं छोडक़र उसकी स्कूटी लेकर कुछ दूर आगे जाकर इंतजार करने लगे।

कुछ समय बाद रविशंकर और परी एक नीले रंग की स्कूटी में सिरपुर की ओर जाते दिखे। उनका पीछा करते हुये विक्रम एवं भास्कर धसकुड़ के पास अमलोर जंगल में पहाड़ी के तरफ  गये। विक्रम तथा भास्कर पहाड़ी के नीचे छिपकर खड़े थे। इसी दौरान घटनास्थल अमलोर जंगल पहाड़ी ऊपर रविशंकर कमलवंशी अपने स्कूटी में परी को लेकर पहुंचा। दोनों वहीं बैठकर बातचीत करने लगे। पूर्व नियोजित योजना अनुसार परमेश्वरी उर्फ  परी, रविशंकर कमलवंशी को शरीरिक संबंध बनाने के लिए तैयार कर रही थी कि विक्रम साहू अपने हाथ में डंडा लेकर मौका स्थल पहुंचा। उसने रविशंकर के सिर में चार-पांच बार डंडे से वार किया। उसी समय भास्कर भी वहां पहुंचा और पास में पड़े पत्थर से रविशंकर के सिर में मारकर हत्या कर दी।

आरोपियों ने हत्या के बाद डंडे को खाई में फेंका और पत्थर को वहीं छोडक़र तीनों पहाड़ी से नीचे उतरने के बाद अपने-अपने घर चले गये। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, मोटर सायकल, स्कूटी बरामद कर आरोपियों के विरूद्ध चौकी सिरपुर थाना तुमगांव में अपराध धारा 302, 120बी, 201, 34 भादवि का अपराध घ्दर्ज कर आरोपियों के गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।


अन्य पोस्ट