महासमुन्द
योजना के तहत 40 फीसदी दिव्यांग कभी भी कहीं भी नि:शुल्क यात्रा कर सकते हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जनवरी। महासमुंद जिले के दिव्यांगों को शासन की ओर से मिलने वाला नि:शुल्क रेल, बस सेवा पास का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विभागीय आंकड़े के मुताबिक महासमुंद जिले में करीब साढ़े 12 हजार दिव्यांग हैं। लेकिन पिछले 6 सालों के अंदर इनमें से एक भी दिव्यांग का यात्रा पास नहीं बना है।
जिले के समाज कल्याण विभाग के अफसर शासन की उक्त योजना को जिले में बंद बता रहे हैं। वहीं परिवहन विभाग के अफसर पास के लिए विभाग में पंजीकृत किसी भी दिव्यांग द्वारा बस सेवा प्राप्त करने के लिए आवेदन नहीं करने की बात कह रहे हैं। गौरतलब है कि शासन ने दिव्यांगों के लिए रेल व बस पास सेवा की योजना बनाई है। योजना के तहत 40 फीसदी दिव्यांगों को बस और रेल में सफर करने के लिए पास दिया जाता है जिसके आधार पर वे कभी भी कहीं भी नि:शुल्क यात्रा कर सकते हैं।
इस मामले में बस एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चंद्राकर का कहना है कि अगर नियम है तो इसका लाभ मिलना चाहिए। जो बस संचालक नियम नहीं मान रहे उनकी जानकारी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संबलपुर रेल डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी त्रिविक्रम सेठ का कहना है कि रेल में आरक्षित कोच होता है। रही बात नि:शुल्क यात्रा की तो नियम संशोधित हो चुका है इसमें उन्हें किराए में कुछ छूट का प्रावधान है।
मालूम हो कि दिव्यांगों की सुविधा के लिए’ शासन ने रेल और बसों में सीटें आरक्षित की है। इसमें रेल में दिव्यांगों के लिए एक कोच की व्यवस्था है पर बसों में ऐसी कुछ देखने को नहीं मिलता है। जबकि रेल में दिव्यांगों के लिए आरक्षित कोच में जनरल यात्री सफर करते हैं। इसमें बड़े स्टेशनों में तो कार्रवाई होती है पर महासमुंद में इस पर कार्रवाई देखने को नहीं मिलती। लिहाजा दिव्यांगों को जनरल वार्ड में सफर करना पड़ता है।
समाज कल्याण व पंचायत विभाग की उप संचालक संगीता सिंह ने बताया कि साल 2015 में करीब 392 दिव्यांगों को पास जारी हुआ है। जिले में करीब 12 हजार 538 हजार दिव्यांग हैं जो विभाग में पंजीकृत हैं। पास की योजना जिले में फिलहाल बंद है।
जिला परिवहन अधिकारी आरके ध्रुव ने बताया कि बस पास के लिए दिव्यांगों के आवेदन करने पर ही पास जारी किया जाएगा। फिलहाल पिछले एक वर्ष के अंदर कोई आवेदन इसके लिए कार्यालय में नहीं आया है।